बांग्लादेश ने यूएई को हराकर अंडर-19 एशिया कप जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Dec 2023 09:03 PM
बांग्लादेश ने यूएई को हराकर अंडर-19 एशिया कप जीता
ऑडियो सुनें

दुबई. विकेटकीपर बल्लेबाज आशिकुर रहमान शिबली के शानदार शतक की बदौलत बांग्लादेश ने रविवार को यहां संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 195 रन से रौंदकर अंडर-19 एशिया कप जीत लिया. आशिकुर रहमान का यह टूर्नामेंट के पांच मैचों में दूसरा शतक है. पारी का आगाज करते हुए आशिकुर रहमान ने 149 गेंद में 129 रन बनाये जिसमें 12 चौके और एक छक्का जड़ा था. इससे बांग्लादेश ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद आठ विकेट पर 282 रन बनाये.

जवाब में यूएई की टीम 24.5 ओवर में 87 रन पर सिमट गयी और बांग्लादेश ने आठ देशों का टूर्नामेंट जीत लिया. बायें हाथ के तेज गेंदबाज मारूफ मृधा (29 रन देकर तीन विकेट), इकबाल हुसैन इमोन (15 रन देकर दो विकेट) और रोहनत दोल्लाह बोरसन (26 रन देकर तीन विकेट) की तिकड़ी ने ऐसा कहर बरपाया कि यूएई ने 15 ओवर के अंदर 61 रन पर सात विकेट गंवा दिये थे. ऑफ स्पिनर शेख परवेज जिबोन (सात रन देकर दो विकेट) ने फिर अपनी कसी गेंदबाजी से मैच खत्म किया.

यूएई के लिए चौथे नंबर पर उतरे ध्रुव पराशर ने नाबाद 25 रन बनाये. उनके बाद अक्षत राय (11) दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे जबकि अन्य दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके. बांग्लादेश के लिए आशिकुर ने पांच मैच की पांच पारियों में 378 रन बनाये जिससे वह ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘मैन ऑफ द सीरीज’ दोनों रहे. चौधरी मोहम्मद रिजवान (71 गेंद में 60 रन), अरिफुल इस्लाम (40 गेंद में 50 रन) और कप्तान महफुजुर रहमान रैबी ने 11 गेंद में तेजी से 21 रन बनाकर बांग्लादेश की पारी में अहम योगदान दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu