बापू के आदर्श हमें विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 09:55 PM
बापू के आदर्श हमें विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके आदर्श हमें विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं. मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”पूज्य बापू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि. उनके आदर्श हमें विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं. मैं हमारे राष्ट्र के लिए शहीद हुए सभी लोगों को भी श्रद्धांजलि देता हूं और उनकी सेवा एवं बलिदान को याद करता हूं.” राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 1948 में आज ही के दिन नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. बाद में मोदी ने महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट जाकर बापू को नमन किया और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए.

इसकी तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ”इससे पहले राजघाट पर पूज्य बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की. हम अपने राष्ट्र के लिए उनके दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं.” प्रधानमंत्री मोदी ने राजघाट पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भी हिस्सा लिया. इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई अन्य नेता भी मौजूद थे. प्रधानमंत्री शाम में गांधी स्मृति में आयोजित एक प्रार्थना सभा में शामिल हुए. गांधी स्मृति महात्मा गांधी का स्मारक है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu