बीआरएस हो या कांग्रेस, दोनों ही तेलंगाना के लिए घातक, भाजपा इनका पत्ता साफ करने जा रही है: मोदी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 08 Jul 2023 01:44 PM
बीआरएस हो या कांग्रेस, दोनों ही तेलंगाना के लिए घातक, भाजपा इनका पत्ता साफ करने जा रही है: मोदी
ऑडियो सुनें

वारंगल: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भ्रष्टाचार और परिवारवाद के मुद्दे पर विपक्षी दलों को घेरते हुए कहा कि तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस राज्य के लिए घातक हैं तथा लोगों को इनसे बचकर रहना चाहिए।

यहां करोड़ों रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशीला रखने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे संदेश साफ है कि अब विधानसभा चुनाव में भाजपा यहां बीआरएस और कांग्रेस दोनों का पत्ता साफ करने जा रही है।

उन्होंने दिल्ली सरकार की आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले का मुद्दा उठाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) पर भी निशाना साधा और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली सरकार को ‘सबसे भ्रष्ट सरकार’ करार देते हुए आरोप लगाया कि इनके भ्रष्टाचार के तार दिल्ली तक फैल गए हैं।

मोदी ने कहा, ‘‘केसीआर सरकार यानी सबसे भ्रष्ट सरकार। अब तो दिल्ली तक इनके भ्रष्टाचार के तार फैल गए हैं। हम पहले दो देशों या दो राज्यों की सरकारों के बीच विकास से जुड़े समझौतों की खबरें सुना करते थे, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है कि जब दो राजनीतिक दलों और दो राज्य सरकारों के बीच भ्रष्टाचार के करार के आरोप लगे हैं।’’ उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि जिस तेलंगाना के लिए जनता ने इतना संघर्ष किया और बलिदान दिए, उस जनता के सामने ऐसे दिन देखने की नौबत आ गई है।

मोदी ने आरोप लगाया कि आज तेलंगाना की सरकार के पास चार ही काम रह गए हैं, जिनमें सुबह-शाम मोदी को गाली देना, एक ही परिवार को सत्ता का केंद्र बनाए रखना, खुद को तेलंगाना का मालिक साबित करना और तेलंगाना को भ्रष्टाचार में डुबो देना शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘इन्होंने तेलंगाना के आर्थिक विकास को चौपट कर दिया है। आज तेलंगाना में ऐसी कोई परियोजना नहीं है, जिसमें भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे हों। केसीआर सरकार यानी सबसे भ्रष्ट सरकार।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां सत्ता में जो परिवार बैठा है, वह करोड़ों के घोटालों में लिप्त है, जिस पर जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कस रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘इनकी पोल तेलंगाना के लोगों के सामने खुल चुकी है। वह परिवार अब तेलंगाना की जनता को गुमराह करने के लिए नये-नये हथकंडे अपना रहा है। आपको इन हथकंडों से, इनकी चालबाजियों से सावधान रहना है।’’ प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि परिवारवादियों को सिर्फ अपने बच्चों, बेटे-बेटियों के भविष्य की ंिचता होती है और उन्हें देश व तेलंगाना के दूसरे बच्चों का भविष्य बर्बाद होने से कोई फर्क नहीं पड़ता।

उन्होंने कहा, ‘‘जितनी भी परिवारवादी पार्टियां हैं, उनकी नींव भ्रष्टाचार पर खड़ी होती है। परिवारवादी कांग्रेस का भ्रष्टाचार पूरे देश ने देखा है, परिवारवादी बीआरएस का भ्रष्टाचार पूरा तेलंगाना देख रहा है। कांग्रेस हो या बीआरएस, दोनों ही तेलंगाना के लोगों के लिए घातक हैं। तेलंगाना के लोगों को इन दोनों से ही बच के रहना है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav