वैश्विक स्टार्टअप परिवेश में बेंगलुरु 14वें स्थान पर, सात पायदान की छलांग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 Jun 2025 09:08 PM
वैश्विक स्टार्टअप परिवेश में बेंगलुरु 14वें स्थान पर, सात पायदान की छलांग
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. स्टार्टअप परिवेश मुहैया कराने के मामले में बेंगलुरु सात पायदान ऊपर चढ़कर दुनिया भर में 14वें स्थान पर पहुंच गया है जबकि इस सूची में सिलिकॉन वैली शीर्ष पर है. एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है. वैश्विक नवाचार परिवेश विकास संगठन ‘स्टार्टअप जीनोम’ की तरफ से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका का सिलिकॉन वैली इस सूची में पहले स्थान पर है जबकि न्यूयॉर्क सिटी दूसरे, लंदन तीसरे और तेल अवीव चौथे स्थान पर है.

‘वैश्विक स्टार्टअप परिवेश रिपोर्ट 2025’ के मुताबिक, बेंगलुरु सात पायदान चढ़कर सूची में 14वें स्थान पर पहुंच गया है. बेंगलुरु की यह जबर्दस्त वृद्धि 2024 में एक अरब डॉलर से अधिक के चार प्रमुख सौदों से प्रेरित है, जिसमें स्विगी 12 अरब डॉलर के मूल्यांकन के साथ सबसे आगे है.

कर्नाटक के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री प्रियांक खरगे ने एक बयान में कहा कि बेंगलुरु की एक ‘उभरते सितारे’ से एक शीर्ष-स्तरीय ‘वैश्विक स्टार्टअप हब’ बनने तक की छलांग उसे पेरिस (12वें), फिलाडेल्फिया (13वें) और सिएटल (15वें) जैसे वैश्विक शहरों के साथ खड़ा करती है. खरगे ने कहा कि इस उछाल के पीछे उच्च-मूल्य वाले सौदे, गहन प्रौद्योगिकी और कृत्रिम मेधा (एआई) में जारी तेजी, आईटी क्षेत्र की निरंतरता, प्रगतिशील नीति एवं सार्वजनिक निवेश और एक असाधारण तकनीकी प्रतिभा आधार जैसे कारक शामिल हैं.

उन्होंने यह भी बताया कि बेंगलुरु अब एआई और बिग डेटा परिवेश के मामले में वैश्विक स्तर पर पांचवें स्थान पर पहुंच गया है.
स्टार्टअप जीनोम की यह रिपोर्ट 12 जून को पेरिस में यूरोप के सबसे बड़े स्टार्टअप और टेक कार्यक्रम ‘विवाटेक’ में जारी की गई. इसमें 350 से अधिक शहरों में 50 लाख से अधिक कंपनियों के डेटा का विश्लेषण किया गया है.

कर्नाटक सरकार के स्टार्टअप विजन ग्रुप के प्रमुख प्रशांत प्रकाश ने कहा कि बेंगलुरु का गतिशील स्टार्टअप परिवेश मजबूत सरकारी समर्थन, वैश्विक पूंजी और विनिर्माण जैसे उभरते क्षेत्रों द्वारा सर्मिथत है. बेंगलुरु के साथ पुणे शहर भी लंबी छलांग लगाने में सफल रहा है. ‘उदीयमान परिवेश रैंकिंग 2025’ में पुणे शहर 91-100 के दायरे से निकलकर इस साल 41-50 के दायरे में आ गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu