भूपेश बघेल महादेव ऐप घोटाले के सरगना, राज्य को लूटकर भरा गांधी परिवार का खजाना: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 Nov 2023 07:03 PM
भूपेश बघेल महादेव ऐप घोटाले के सरगना, राज्य को लूटकर भरा गांधी परिवार का खजाना: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले को लेकर सोमवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल पर हमला बोला और आरोप लगाया कि वह घोटाले के ‘सरगना’ हैं तथा अपने कार्यकाल के दौरान गांधी परिवार का खजाना भरने के लिए उन्होंने राज्य को लूटा.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनके (बघेल) खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि भविष्य में कोई भी इस तरह की धोखाधड़ी करने की हिम्मत नहीं करेगा. छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान हो रहा है. पहले चरण का मतदान सात नवंबर को हुआ, जबकि दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को मतदान होगा.

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में दावा किया था कि उसने पैसे का लेन-देन करने वाले एक व्यक्ति का बयान दर्ज किया है, जिसने आरोप लगाया है कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रवर्तकों ने बघेल को अब तक 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है. कांग्रेस ने आरोप को खारिज करते हुए कहा था कि अन्य पिछड़ा वर्ग(ओबीसी) से ताल्लुक रखने वाले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने के लिए भाजपा ने ‘साजिश’ रची है तथा राज्य की जनता इस विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारा जवाब देगी.

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि बघेल ने घोटाले के जरिए लोगों की गाढ़ी कमाई को लूटकर न केवल अपनी तिजोरियां भरी हैं, बल्कि उन्होंने इसका एक हिस्सा गांधी परिवार के साथ भी साझा किया है. छत्तीसगढ़ में भाजपा प्रमुख विपक्षी दल है. महादेव ऐप घोटाला मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाटिया ने कहा, ”यह सभी जानते हैं कि छत्तीसगढ़ में ढाई साल के कार्यकाल का फॉर्मूला लागू किया जाना था. लेकिन ढाई साल बाद भी भ्रष्ट भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने रहे… ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि उन्होंने सार्वजनिक धन से गांधी परिवार की तिजोरियां भरने का काम किया.” भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि बघेल ‘भ्रष्टाचार करने में अच्छे थे’, इसलिए कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को लूटने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने के लिए उन्हें मुख्यमंत्री बनाए रखा.

उन्होंने आरोप लगाया, ”भाजपा ‘हर हर महादेव’ कहती है, जबकि भूपेश बघेल कहते हैं ‘घर-घर महादेव ऐप’.” भाटिया ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ के लोगों ने इन चुनावों में ‘भ्रष्ट’ बघेल को सबक सिखाने का मन बना लिया है. उन्होंने बघेल को कथित घोटाले का ‘सरगना’ बताया और कहा कि जांच एजेंसियां जिस तरह की सख्त कार्रवाई कर रही हैं, लोगों को यकीन है कि ‘सरगना’ को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा, ”इस पूरे घोटाले के सरगना भूपेश बघेल हैं… आपके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि यह एक उदाहरण होगा. इसके बाद कोई भी इस तरह के भ्रष्टाचार में लिप्त होने की हिम्मत नहीं करेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu