नीति आयोग के मानचित्र में बिहार बना पश्चिम बंगाल ; ममता ने तुरंत सुधार और माफी की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Jul 2025 09:23 PM
नीति आयोग के मानचित्र में बिहार बना पश्चिम बंगाल ; ममता ने तुरंत सुधार और माफी की मांग की
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को नीति आयोग के उपाध्यक्ष को पत्र लिखकर एक आधिकारिक रिपोर्ट में अपने राज्य को बिहार के रूप में दर्शाये जाने पर कड़ी आपत्ति जताई. मुख्यमंत्री ने इस त्रुटि की निंदा की और उनसे माफी की मांग करते हुए इस संबंध में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने को कहा. बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पत्र की एक प्रति और भारत के मानचित्र का स्क्रीनशॉट साझा किया. यह मानचित्र रिपोर्ट के पहले पृष्ठ पर है, जिसमें बिहार को पश्चिम बंगाल के रूप में दर्शाया गया है.

बनर्जी ने नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन के. बेरी को लिखा, ”मैं अत्यधिक चिंता और स्पष्ट अस्वीकृति के साथ लिख रही हूं कि नीति आयोग द्वारा प्रकाशित और इसकी वेबसाइट पर उपलब्ध ‘पश्चिम बंगाल राज्य के लिए सारांश रिपोर्ट’ में इस राज्य को मानचित्र में बिहार के क्षेत्र को दर्शाया गया है.” इस त्रुटि को नीति आयोग की ”गंभीर चूक” बताते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नीति आयोग के आधिकारिक प्रकाशन में इस तरह की बड़ी गलती राज्यों के प्रति ”सम्मान की कमी” को दर्शाती है.

उन्होंने कहा, ”इससे संस्था के काम की विश्वसनीयता के बारे में वाजिब चिंताएं पैदा हुईं, जिस पर नीति निर्माता और नागरिक सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए निर्भर हैं तथा नीति आयोग की रिपोर्टों और प्रकाशनों की गुणवत्ता, प्रामाणिकता एवं विश्वसनीयता पर गंभीर संदेह पैदा होता है.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”पश्चिम बंगाल सरकार इस त्रुटि की कड़ी निंदा करती है और नीति आयोग से स्पष्टीकरण जारी करने तथा क्षमा मांगने, दस्तावेज में सुधार के लिए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने तथा भविष्य में ऐसी चूक को रोकने के लिए मजबूत तंत्र स्थापित करने की मांग करती है.” इससे पहले दिन में, तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य साकेत गोखले ने ‘एक्स’ पर इस बारे में सवाल उठाया कि कैसे नीति आयोग की रिपोर्ट के पहले पन्ने पर बिहार को पश्चिम बंगाल के रूप में दर्शाया गया है.

गोखले ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ”यह दुखद है कि भारत सरकार पश्चिम बंगाल को मानचित्र पर भी नहीं दिखा सकती. बंगाल से भाजपा के 12 सांसद हैं, जिनमें 2 केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं. और फिर भी, उनकी सरकार बेशर्मी से मानचित्र पर बिहार को बंगाल के रूप में दिखाती है.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ”अगर आपमें जरा भी शर्म बची है, तो बंगाल की जनता से माफी मांगिए. वरना यह अपमान आपकी पार्टी को लंबे समय तक सताता रहेगा.” प्रधानमंत्री नीति आयोग के अध्यक्ष हैं.
गोखले ने सोशल मीडिया पर मानचित्र का एक ‘स्क्रीनशॉट’ भी साझा किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu