बिहार : भाजपा ने अबतक आठ सीट पर जीत हासिल की, चार पर बढ़त बरकरार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 10:06 PM
बिहार : भाजपा ने अबतक आठ सीट पर जीत हासिल की, चार पर बढ़त बरकरार
ऑडियो सुनें

पटना. बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आठ संसदीय सीट पर जीत दर्ज कर ली है जबकि चार अन्य सीट पर अब भी बढ़त बनाए हुए है. निर्वाचन आयोग की वेबसाइट र उपलब्ध नतीजों से यह जानकारी सामने आयी है. आयोग के मुताबिक, भाजपा बेगूसराय, पटना साहिब, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, महाराजगंज, अररिया, नवादा और दरभंगा सीट पर जीत हासिल कर चुकी है.

केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय सीट से भाजपा प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के प्रत्याशी अवधेश कुमार राय को 81,480 मतों के अंतर से पराजित किया. सिंह को जहां 6,49,331 मत हासिल हुए वहीं राय को 5,67,851 वोट मिले. पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्वी चंपारण से भाजपा प्रत्याशी राधा मोहन सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और विकासशील इंसान पार्टी के उम्मीदवार राजेश कुमार को 88,287 मतों के अंतर से हराया. सिंह को कुल 5,42,193 मत प्राप्त हुए वहीं कुमार को 4,53,906 वोट मिले.

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी व कांग्रेस उम्मीदवार अंशुल अभिजीत को 1,53,846 मतों के अंतर से हराया. प्रसाद को कुल 5,88,270 मत प्राप्त हुए वहीं अभिजीत को 4,34,424 मत हासिल हुए. पश्चिम चंपारण से भाजपा के मौजूदा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस के मदन मोहन तिवारी को 1,36,568 मतों के अंतर से पराजित किया. जायसवाल को जहां 5,80,421 मत हासिल हुए वहीं तिवारी को 4,43,853 वोट मिले.

महाराजगंज से मौजूदा भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस प्रत्याशी आकाश कुमार सिंह को 1,02,651 मतों के अंतर से हराया. सिग्रीवाल ने जहां कुल 5,29,533 मत हासिल किए वहीं सिंह को 4,26,882 को वोट मिले. अररिया से भाजपा के मौजूदा सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शाहनवाज को 20, 094 मतों के अंतर से पराजित किया. सिंह को जहां कुल 6,00,146 मत प्राप्त हुए वहीं शाहनवाज को 5,80,052 वोट हासिल हुए.

दरभंगा से भाजपा के मौजूदा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और राजद प्रत्याशी ललित कुमार यादव से 1,78,156 अंतर से चुनाव जीत गए हैं. ठाकुर को जहां कुल 5,66,630 मत प्राप्त हुए वहीं यादव ने 3,88,474 वोट हासिल किए हैं.
नवादा से भाजपा प्रत्याशी विवेक ठाकुर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और राजद प्रत्याशी श्रवण कुमार को 67,670 मतों के अंतर से पराजित किया. ठाकुर को जहां कुल 4,10,608 मत हासिल हुए वहीं राजद प्रत्याशी को 3,42,938 वोट मिले. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेतृत्व कर रही भाजपा ने अपने अन्य घटक दलों के साथ हुए समझौते के तहत बिहार की कुल 40 सीट में से 17 पर अपने उम्मीदवार उतारे थे. बिहार में भाजपा अभी भी चार सीटों पर बढत बनाए हुए है .

जदयू ने छह सीट पर जीत दर्ज की, छह पर बढ़त बरकरार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने लोकसभा चुनाव में छह सीट पर जीत दर्ज की है जबकि छह अन्य सीट पर अभी भी बढ़त बनाए हुए है. निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों में यह जानकारी सामने आयी है. जदयू ने शिवहर, वाल्मिकीनगर, झंझारपुर, सुपौल, मधेपुरा और बांका लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की है. आयोग के अनुसार, शिवहर से जदयू प्रत्याशी लवली आनंद ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रत्याशी रितु जयसवाल को 29,143 मतों के अंतर से हराया.
आनंद को कुल 4,76,612 मत प्राप्त हुए जबकि जयसवाल को 4,47,469 वोट मिले .

वाल्मिकीनगर से जदयू प्रत्याशी सुनील कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के दीपक यादव को 98,675 मतों के अंतर से हराया. कुमार को जहां कुल 5,23,422 मत हासिल हुए वहीं यादव को 4,24,747 वोट प्राप्त हुए. बांका से जदयू प्रत्याशी गिरिधारी यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के जयप्रकाश नारायण यादव को 1,03,844 मतों के अंतर से हराया. गिरिधारी को जहां कुल 5,06,678 वोट हासिल हुए वहीं जयप्रकाश को 4,02,834 मत मिले.

सुपौल से जदयू उम्मीदवार दिलेश्वर कामत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और राजद प्रत्याशी चंद्रहास चौपाल को 1,69,803 मतों के अंतर से हराया. कामत को जहां कुल 5,95,038 मत प्राप्त हुए वहीं चैपाल को 4,25,235 वोट मिले. झंझारपुर से जदयू उम्मीदवार रामप्रीत मंडल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और विकासशील इंसान पार्टी प्रत्याशी सुमन कुमार महासेठ को 1,84,169 मतों के अंतर से हराया. मंडल ने जहां कुल 5,33,032 मत हासिल किए वहीं महासेठ को 3,48,863 को वोट मिले.

मधेपुरा से जदयू उम्मीदवार दिनेश चंद्र यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और राजद प्रत्याशी कुमार चंद्रदीप को 1,74,534 मतों के अंतर से हराया. यादव को जहां कुल 6,40,649 मत प्राप्त हुए वहीं चंद्रदीप को 4,66,115 वोट हासिल हुए. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल जदयू ने अपने अन्य घटक दलों के साथ हुए समझौते के तहत प्रदेश की कुल 40 सीट में से 16 पर अपने उम्मीदवार उतारे थे. बिहार में सत्ताधारी जदयू अभी भी छह सीट पर बढत बनाए हुए है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu