बीजापुर: प्रेशर बम की चपेट में आने से असिस्टेंट प्लाटून कमांडर शहीद

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 27 Mar 2023 08:25 PM
ऑडियो सुनें

बीजापुर/रायपुर:  छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) का सहायक प्लाटून कमांडर शहीद हो गया. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.

एक अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब सात बजकर 40 मिनट पर मिरतुर पुलिस थाना क्षेत्र के एटेपाल और तिमेनार गांवों के बीच हुई, जब सीएएफ की टीम इलाके में सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इलाके में अभियान पर निकली थी.
उन्होंने बताया कि सीएएफ की अलग-अलग टीम एटेपाल और तिमेनार शिविरों से गश्त के लिए निकली थी.

अधिकारी ने बताया, ‘‘गश्त पर निकली टीम में से एक जब इलाके से गुजर रही थी तभी सीएएफ की 19वीं बटालियन से संबंधित सहायक प्लाटून कमांडर विजय यादव (58) का पैर अनजाने में एक प्रेशर आईईडी बम पर पड़ गया जिससे बम में विस्फोट हो गया और इस घटना में यादव शहीद हो गए.’’ उन्होंने बताया कि यादव के शव को भैरमागढ़ लाया गया. वह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी थे.

प्रेशर बम की चपेट में आने से असिस्टेंट प्लाटून कमांडर शहीद, मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में प्रेशर आईईडी की चपेट में आने पर छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के असिस्टेंट प्लाटून कमांडर विजय यादव की शहादत पर गहरा दुःख प्रकट किया है. उन्होंने इस घटना को दुःखद बताते हुए नक्सलियों की इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा की है. छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स की एक टीम आज सुबह मिरतुर थाना क्षेत्र में एरिया डामिनेशन के लिए निकली थी. मुख्यमंत्री ने शहीद श्री यादव के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav