मालीवाल मामले में भाजपा ने केजरीवाल पर फिर साधा निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 May 2024 08:47 PM
मालीवाल मामले में भाजपा ने केजरीवाल पर फिर साधा निशाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को दावा किया कि स्वाति मालीवाल से संबंधित मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास से सीसीटीवी फुटेज का गायब होना और बिभव कुमार की गिरफ्तारी अरविंद केजरीवाल की संलिप्तता और अपने सहयोगी को बचाने के उनके प्रयासों को दर्शाती है.

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इस मुद्दे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री पर ताजा हमला बोला और आरोप लगाया कि वह आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद मालीवाल पर समझौते के लिए दबाव डाल रहे हैं. इस पूरे घटनाक्रम के पीछे भाजपा का हाथ होने के आप के आरोपों को खारिज करते हुए सावंत ने संवाददाताओं से कहा कि मालीवाल केजरीवाल की पुरानी सहयोगी हैं और उन्होंने खुद मुख्यमंत्री आवास पर कुमार के खिलाफ शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने को लेकर पुलिस में मामला दर्ज कराया है.

लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी के लिए प्रचार करने राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे सावंत ने कहा कि हर जगह लोग इस मुद्दे पर केजरीवाल की चुप्पी पर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने आप को ‘दिल्ली विरोधी, महिला विरोधी पार्टी’ करार देते हुए कहा कि उनकी चुप्पी अपने आप में बहुत कुछ कहती है. त्रिवेदी ने कहा कि केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी सरकार शहर के हर हिस्से में सीसीटीवी की व्यापक तैनाती सुनिश्चित करेगी. त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लेकिन उनके आवास में भी यह सुविधा नहीं है.

भाजपा सांसद ने आप की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए आबकारी मामले में कथित भूमिका के लिए दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर दिल्ली उच्च न्यायालय की आलोचनात्मक टिप्पणियों का भी हवाला दिया. त्रिवेदी ने संवाददाताओं से कहा कि अदालत ने कहा कि सिसोदिया सत्ता के गंभीर दुरुपयोग और विश्वासघात में शामिल थे और इसमें कहा गया कि निर्णय लेने की प्रक्रिया की अखंडता से समझौता किया गया था.

त्रिवेदी ने दावा किया कि आप प्रचार के लिए सिसोदिया को जमानत पर रिहा कराने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रही है, लेकिन वह केजरीवाल के सहयोगी कुमार की मदद करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि कुमार के पास पार्टी में कोई पद नहीं है, लेकिन शायद उन्हें आप के महत्वपूर्ण रहस्यों के बारे में पता है. कुमार पिछले सप्ताह दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर मालीवाल पर कथित हमले के सिलसिले में पांच दिन की पुलिस हिरासत में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu