नयी दिल्ली/जयपुर/चंडीगढ़/पुणे. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए ‘पनौती’ वाले बयान को लेकर बुधवार को राहुल गांधी के खिलाफ आक्रमण तेज कर दिया और निर्वाचन आयोग से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया.
भाजपा ने इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा 1982 के एशियाई खेलों के दौरान भारतीय हॉकी टीम का किए गए कथित ‘अपमान’ को याद किया जबकि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किए जाने की सराहना की.
पार्टी महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल और एक अन्य पदाधिकारी ओम पाठक सहित पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ भी निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की और उन पर यह झूठा दावा करने का आरोप लगाया कि मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उनकी जाति गुजरात की अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सूची में शामिल थी.
पाठक ने कहा कि घांची जाति को 1999 में ओबीसी की सूची में शामिल किया गया था जबकि मोदी 2001 में मुख्यमंत्री बने थे.
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग को सौंपे गए अपने ज्ञापन में कहा, ”’झूठ का जाल फैलाने में लिप्त खरगे और गांधी की टिप्पणियां इन अपराधियों के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू करने और सख्त कार्रवाई की मांग करती हैं क्योंकि उनके आचरण में नैतिक मूल्यों के साथ-साथ चुनाव कानूनों और आदर्श आचार संहिता के दिशानिर्देशों के लिए भी कोई सम्मान नहीं है.”
अग्रवाल ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला और उन्हें ‘घाटिया’ मानसिकता का ‘मूर्ख, अशिक्षित और मूल्यहीन’ व्यक्ति करार दिया, जो ‘वैश्विक रूप से सम्मानित’ नेता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं. पार्टी ने ज्ञापन में कहा, ”हम निर्वाचन आयोग से अनुरोध करते हैं कि मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के खिलाफ उनके लगातार धोखाधड़ी, आधारहीन और अपमानजनक आचरण के लिए उचित कानूनी कार्रवाई करके तत्काल हस्तक्षेप किया जाए और उनके खिलाफ निषेधात्मक आदेश पारित किया जाए.”
ज्ञापन में कहा गया है, ”अन्यथा, यह चुनावी माहौल को खराब कर देगा और इससे सम्मानित व्यक्तियों को बदनाम करने के लिए अपशब्दों, आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल और झूठी खबरों को रोकना मुश्किल हो जाएगा.” राहुल गांधी ने अहमदाबाद में विश्व कप क्रिकेट के फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया से भारत की हार के बाद राजस्थान में एक चुनावी भाषण में मोदी के खिलाफ ‘पनौती’ शब्द का इस्तेमाल किया था.
आम तौर पर पनौती शब्द ऐसे व्यक्ति को संर्दिभत करता है जो बुरी किस्मत लाता है. अग्रवाल ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और गृह मंत्री बूटा सिंह राष्ट्रीय राजधानी में 1982 एशियाड हॉकी फाइनल देखने गए थे जिसमें भारत पाकिस्तान से 7-1 से हार गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत के पिछड़ने के बाद वे मैच बीच में ही छोड़कर चले गए थे.
उन्होंने दावा किया कि यह टीम का अपमान था और इंदिरा गांधी के आचरण ने खिलाड़ियों का मनोबल तोड़ा. उन्होंने कहा कि भारतीय गोलकीपर मीर रंजन नेगी के सार्वजनिक अपमान के पीछे यह भी एक कारण था. अग्रवाल ने कहा कि नेगी को संन्यास लेने के लिए मजबूर किया गया और 1998 में उन्हें गोलकीपिंग कोच बनाया गया, तो भारत ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था, और उस वक्त भाजपा सत्ता में थी.
नेगी बाद में 2002 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के गोलकीपिंग कोच बने. भाजपा नेता ने सुपरहिट हिंदी फिल्म ‘चक दे इंडिया’ को याद किया और कहा कि किसी ने भी इंदिरा गांधी के लिए ‘पनौती’ जैसी अपमानजनक टिप्पणी का इस्तेमाल नहीं किया.
उन्होंने कहा कि खेलों का इस्तेमाल राजनीति के लिए नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि मोदी ने हर क्रिकेट खिलाड़ी से मिलकर उनका मनोबल बढ़ाया और उनके समग्र प्रदर्शन की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि मोदी का वैश्विक नेता सम्मान करते हैं जबकि उनकी नीतियों ने गरीबों, महिलाओं और किसानों की मदद की है. उन्होंने कहा, ”यह शर्मनाक है कि राहुल गांधी जैसा संवेदनहीन और अपरिपक्व व्यक्ति उन्हें पनौती कहता है.”
शिवराज ने मोदी के खिलाफ ‘पनौती’ वाली टिप्पणी के लिए राहुल पर साधा निशाना
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर ‘पीएम का मतलब पनौती मोदी’ संबंधी उनके बयान को लेकर बुधवार को उनकी आलोचना की. चौहान ने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी को माफ नहीं करेगी. चौहान ने कहा, ” राहुल गांधी का यह बयान ‘देशद्रोह’ की सीमा में भी आता है.” उन्होंने कहा कि ‘बुद्धिहीनता’ का इससे बड़ा उदाहरण कोई नहीं हो सकता.” चौहान ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ” सारा देश देशभक्ति के जुनून से भरा था और ये चाहता था कि क्रिकेट का फाइनल भी भारत जीते. क्योंकि खेल भी देशभक्ति का प्रतीक होता है और प्रधानमंत्री अगर गए तो हमारे लिए गर्व का विषय है. लेकिन वे मोदी जी से इतना डरते हैं या इतना विद्वेष है कि भारत हार गया तो खुशी हो रही है और मोदी जी पर टिप्पणियां कर रहे हैं.”
मुख्यमंत्री सिंह ने कहा, ”मध्य प्रदेश हो या राजस्थान… कांग्रेस का नेतृत्व करने वाले राहुल गांधी और प्रियंका वाद्रा, दोनों भाई-बहन ”झूठ की मशीन” हैं. प्रियंका मध्य प्रदेश में कहती हैं कि राम 13 वर्ष के लिए वनवास गए थे आप खुद देखिए देश का बच्चा-बच्चा जानता है कि प्रभु श्रीराम 14 वर्ष के लिए वनवास गए थे, लेकिन प्रियंका गांधी वाद्रा को नहीं पता.”
खुद राहुल गांधी कांग्रेस के लिए ‘पनौती’ हैं : हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी के ”पनौती मोदी” संबंधी बयान को लेकर बुधवार को उन पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता खुद ही अपनी पार्टी के लिए ”पनौती” हैं. गांधी ने मंगलवार को राजस्थान में एक चुनावी रैली के दौरान कहा था, ”पीएम का मतलब पनौती मोदी है”. उन्होंने कहा था कि भारत-ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट विश्व कप फाइनल के दौरान अहमदाबाद स्टेडियम में प्रधानमंत्री की उपस्थिति देश की टीम के लिए दुर्भाग्य लेकर आई और वह मैच हार गई.
प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता की आलोचना करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विज ने आरोप लगाया कि गांधी हताशा की चरम सीमा पर पहुंच चुके हैं. फाइनल मैच में भारत की हार पर विज ने कहा, ”यह एक खेल है, इसमें हार या जीत एक पक्ष की होती है. इसे खेल भावना से लेना चाहिए.” अंबाला में संवाददाताओं से विज ने कहा, ”खुद राहुल गांधी कांग्रेस के लिए ‘पनौती’ हैं. जिस दिन से वह कांग्रेस का चेहरा बनकर उभरे हैं, उसी दिन से पार्टी डूबती जा रही है.”
केवल ‘भ्रष्ट और पापी’ लोग प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह सोच सकते हैं: राहुल पर फडणवीस का पलटवार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘पनौती’ वाले बयान को लेकर उन्हें आड़े हाथ लेते हुए महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि जो लोग ‘भ्रष्ट’ और ‘पापी’ हैं, वे ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में इस तरह से सोच सकते हैं. फडणवीस ने कहा कि मोदी आम आदमी के ‘मसीहा’ हैं और ”2024 से 2029 तक उनका तीसरा कार्यकाल भारत के लिए निर्णायक समय होगा”.
राहुल गांधी के बयान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि ना तो कांग्रेस नेता की पार्टी उन्हें गंभीरता से लेती है, ना ही देश की जनता. फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा, ”जो लोग भ्रष्ट और पापी हैं, वे मोदीजी से डरे हुए हैं और वे ही मोदीजी के बारे में इस तरह सोच सकते हैं. लेकिन भारत की आम जनता के लिए वह मसीहा हैं, देश के संरक्षक हैं और ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो भारत को आगे ले जा रहे हैं.” वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने भी राहुल को गंभीरता से नहीं लिया है.