आरक्षण देने वाली संस्थाओं को भाजपा सरकार ने बेच दिया : अखिलेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 May 2024 08:08 PM
आरक्षण देने वाली संस्थाओं को भाजपा सरकार ने बेच दिया : अखिलेश
ऑडियो सुनें

गोरखपुर/कुशीनगर. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरक्षण छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो संस्थाएं नौकरियों में आरक्षण दे सकती थीं उन्हें भाजपा ने बेच दिया है. यादव ने बांसगांव में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ की सहयोगी कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी के साथ संयुक्त रैली को सम्बोधित करते हुए कहा, ”भाजपा ने निवेश के नाम पर आपको सपने दिखाए लेकिन उसने नौकरियां छीन लीं, आरक्षण छीन लिया और जो संस्थाएं नौकरी में आरक्षण दे भी सकती थीं, उन संस्थाओं को इन्होंने (भाजपा वालों ने) बेच दिया.”

उन्होंने कहा, ”भाजपा वाले अच्छे दिन तो लाये नहीं लेकिन चार जून को खुशियों के दिन आएंगे. खुशियों के दिन हमारे-आपके तो आएंगे ही, इन हमारे प्रेस वालों के लिए आजादी का दिन होगा. वह ‘फ्रीडम ऑफ प्रेस’ का दिन भी होगा. न केवल सरकार बदलने वाली है, बल्कि मित्र मंडली और मंत्रिमंडल बदलेगा तथा मीडिया मंडल भी बदलेगा. वह सुनाते रहे हैं मन की बात. लेकिन अब होगी संविधान की बात.” सपा प्रमुख ने कहा, ”जिन लोगों ने झूठे वादे किए, वे जनता के बीच अपनी बात कहते हुए लड़खड़ा रहे हैं. वे न केवल डगमगा रहे हैं बल्कि उनकी भाषा भी डगमगा गई है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी… हम एक और एक जुड़ गए हैं तो 11 हो गए हैं लेकिन वे लोग एक और एक लड़ गए तो बताइए ‘जीरो’ हो गए कि नहीं.”

उन्होंने कहा, ” वे कहते थे कि डबल इंजन की सरकार है लेकिन पता नहीं उनके डबल इंजन का देवरिया आते-आते धुआं क्यों निकल जाता है. देवरिया और आसपास के लोग जानते होंगे कि भाजपा ने धोखा दिया और विकास को रोक दिया है.” यादव ने अग्निवीर योजना को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ”लाखों लाख नौजवान पेपर लीक की वजह से बेरोजगार रह गये. नौजवानों का सपना होता था कि फौज की वर्दी पहनेंगे, पक्की नौकरी होगी लेकिन वह पक्की नौकरी भी भाजपा ने छीन ली. इंडिया गठबंधन ने तय किया है कि न केवल पक्की नौकरी दी जाएगी बल्कि आरक्षण के तहत आपको हक और सम्मान भी मिलेगा. अग्निवीर व्यवस्था हमेशा-हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी.” उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में भी बदलाव की हवा चल रही है, बांसगांव से लेकर देवरिया और गोरखपुर तक आसपास की सभी सीट जीतनी हैं.

उन्होंने कहा, ” यह चुनाव हमारे आने वाली पीढ़ी के भविष्य का भी चुनाव है, यह संविधान भी बचाने का चुनाव है.” यादव ने कहा, ”रोटी कपड़ा और मकान (जरूरी तो है)… लेकिन सबसे पहले हमें बचाना है अपना संविधान. आप सभी इसके लिए हमारी पूरी मदद करिये.” इससे पहले, कुशीनगर में एक चुनावी रैली में यादव ने कहा, ”यह पहला चुनाव देखने को मिल रहा है जहां जनता इंडिया गठबंधन और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के साथ पूरी ईमानदारी से खड़ी दिखाई दे रही है. जनता ने भी फैसला कर लिया है कि रोटी, कपड़ा और मकान तो उसे चाहिए, लेकिन उससे पहले हमें बचाना है अपना संविधान.”

उन्होंने कहा, ”रोटी, कपड़ा और मकान की यह लड़ाई तो चलेगी लेकिन उससे पहले हमें अपना संविधान बचाना है क्योंकि यही संविधान हमारा सम्मान है. यही संविधान हमें अधिकार दिलाता है, न्याय दिलाता है, हमारे आपके बीच में भेदभाव खत्म करता है और यही बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का संविधान हमारी संजीवनी है. जो लोग संविधान बदलने के लिए निकले हैं, जनता उन्हें इस बार बदलने का काम करेगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu