भाजपा गोवा में सांप्रदायिक तनाव भड़का रही है, उसके प्रयासों को चुनौती दी जाएगी: राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Oct 2024 08:02 PM
भाजपा गोवा में सांप्रदायिक तनाव भड़का रही है, उसके प्रयासों को चुनौती दी जाएगी: राहुल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गोवा में जानबूझकर सांप्रदायिक तनाव भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी के प्रयासों को चुनौती दी जाएगी, क्योंकि इस राज्य और पूरे भारत के लोग “इस विभाजनकारी एजेंडे को देख रहे हैं.” गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गोवा का आकर्षण इसकी प्राकृतिक सुंदरता और इसके विविध एवं सामंजस्यपूर्ण लोगों की गर्मजोशी और आतिथ्य में निहित है.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, “दुर्भाग्य से, भाजपा शासन में इस सद्भाव पर हमला हो रहा है. भाजपा जानबूझकर सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा दे रही है, जिसमें आरएसएस के एक पूर्व नेता ईसाइयों और संघ से जुड़े संगठनों को भड़काकर मुसलमानों के आर्थिक बहिष्कार का आ”ान कर रहे हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे भारत में संघ परिवार द्वारा इसी तरह की गतिविधियां बिना किसी कार्रवाई के जारी हैं, जिनपर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है तथा उन्हें सर्वोच्च स्तर से समर्थन भी प्राप्त है.

गांधी ने कहा, ”गोवा में भाजपा की रणनीति स्पष्ट है- अवैध रूप से हरित भूमि का उपयोग करके और पर्यावरण नियमों को दरकिनार करके पारिस्थितिकीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों का दोहन करते हुए लोगों को बांटना- यह गोवा की प्राकृतिक और सामाजिक विरासत पर हमला है.” उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं है कि भाजपा की कोशिशों को चुनौती नहीं दी जाएगी. गोवा और पूरे भारत के लोग इस विभाजनकारी एजेंडे को देख रहे हैं तथा एकजुट खड़े हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu