मुफ्त राशन बांटकर भाजपा ने गरीबों का मजाक उड़ाया : अखिलेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Dec 2023 07:57 PM
मुफ्त राशन बांटकर भाजपा ने गरीबों का मजाक उड़ाया : अखिलेश
ऑडियो सुनें

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मुफ्त राशन बांटकर गरीबों का मजाक उड़ाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि भाजपा सरकार का काम जनता को धोखा देना है. यादव ने यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में कन्नौज के प्रबुद्ध समाज तथा महा ब्राह्मण समाज पंचायत के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए आरोप लगाया, ”भाजपा सरकार का काम जनता को धोखा देना है. वह लोगों को गुमराह करने में माहिर है. भाजपा ने गरीबों के सम्मान को चोट पहुंचाई है. मुफ्त राशन बांटकर भाजपा ने गरीबों की गरीबी का मजाक उड़ाया है.” उन्होंने कहा, “भाजपा राज में किसान परेशान हैं.

नौजवान बेरोजगार हैं. जब किसानों को रोजगार देंगे तभी उनकी आमदनी बढ़ेगी.” यादव ने दावा किया, ” भाजपा की पूरी राजनीति झूठ को छुपाने और सत्य पर पर्दा डालने की है. भाजपा सरकार को जनता के दु?ख दर्द से कोई मतलब नहीं है. समाजवादी पार्टी गरीबों की हितैषी है जबकि भाजपा सरकार पूंजीपतियों के संरक्षण उन्हें फायदा पहुंचाने में लगी रहती है.”

उन्होंने कहा, ” समाजवादी पार्टी पीड़ित और वंचित समाज के संघर्ष में साथ रहेगी. उनकी हर संभव मदद की जाएगी. सपा सभी को साथ लेकर चलती है. आगे बढ़ने के लिए समाजवादी पार्टी का साथ दीजिए.” सपा अध्यक्ष ने कहा, ”प्रदेश के विकास से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है. पूंजी निवेश के नाम पर सिर्फ तड़क-भड़क सम्मेलन किए गए. जो एमओयू हुए वे जमीन पर उतरे नहीं. भाजपा विकास पर सिर्फ पाखंड करती है. समाजवादी पार्टी धोखा नहीं देती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu