भाजपा को टमाटर का ‘लाल’ रंग देखते ही समाजवादियों की याद आती है: अखिलेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 11 Jul 2023 09:14 PM
भाजपा को टमाटर का ‘लाल’ रंग देखते ही समाजवादियों की याद आती है: अखिलेश
ऑडियो सुनें

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने टमाटर की कीमत में बढ़ोतरी के बीच राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मंगलवार को तंज किया कि भाजपा को टमाटर का लाल रंग देखते ही समाजवादियों की याद आती है.

यादव ने ट्वीट किया, ”भाजपा टमाटर को देखकर इसलिए परेशान है क्योंकि टमाटर का रंग ‘लाल’ होता है और लाल देखते ही उन्हें (भाजपा) समाजवादियों की याद आती है.” यादव ने अपने ट्वीट में एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें वाराणसी के टमाटर मामले को लेकर राजनीतिक विश्लेषण किया गया है.

सपा प्रमुख के ट्वीट के कुछ ही घंटों बाद उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया ” उत्तर प्रदेश में सपा का 2024 में खाता खुलना मुश्किल है.” मौर्य ने इस ट्वीट में हैशटैग किया ”कहो दिल से, नरेन्द्र मोदी जी फिर से.” इसके पहले अखिलेश यादव के ट्वीट पर पलटवार करते हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि रंगों की सियासत करने वाले लोगों को हर चीज में राजनीति दिखती है और वे उसी चश्मे से देखते हैं.

सपा के बारे में लोगों की धारणा और कहावत सुनाते हुए पाठक ने कहा, ”जिस गाड़ी पर सपा का झंडा-उस पर बैठा गुंडा, जैसी कहावत अभी भी लोग दोहराते हैं.” हाल में वस्तुओं की कीमतों में हुई वृद्धि को लेकर सपा केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साध रही है.

वाराणसी में गत दिनों समाजवादी पार्टी (सपा) के एक कार्यकर्ता द्वारा महंगे टमाटर की सुरक्षा के लिए दो ‘बाउंसर’ तैनात करने के मामले में पुलिस ने एक सब्जी विक्रेता और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है. वाराणसी के लंका थाना प्रभारी अश्विनी पांडेय ने सोमवार को बताया था कि एक वीडियो में खुद को दुकान का मालिक दिखाने वाला सपा नेता अजय फौजी फरार है.

पुलिस ने बताया कि सब्जी विक्रेता जगनारायण यादव और उसके बेटे विकास यादव को रविवार को ‘मानहानि’ के मामले में गिरफ्तार किया गया है. वीडियो में सपा कार्यकर्ता ने दावा किया था कि उसने टमाटर की कीमतों का मोल भाव करने के दौरान ग्राहकों की ‘उग्रता’ से बचने के लिए दो बाउंसर तैनात किए हैं. फौजी ने हाल में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के जन्मदिन पर टमाटर की आकृति वाला केक काटा था और टमाटर बांटे थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu