भाजपा संदेशखाली को लेकर गलत सूचना फैला रही, बंगाल महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित : ममता बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Mar 2024 07:14 PM
भाजपा संदेशखाली को लेकर गलत सूचना फैला रही, बंगाल महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित : ममता बनर्जी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संदेशखाली की घटना को लेकर गलत सूचना फैला रही है. उन्होंने साथ ही दावा किया कि पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए देश में सबसे सुरक्षित राज्य है.

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल सरकार को महिला सुरक्षा पर ‘भाषण’ देने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री तब चुप रहते हैं जब भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं पर अत्याचार होता है.
कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गंगोपाध्याय का स्पष्ट संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, ” हम आपकी हार सुनिश्चित करेंगे फिर चाहे लोकसभा चुनाव में आप कहीं से भी लड़े.” गंगोपाध्याय बृहस्पतिवार को ही भाजपा में शामिल हुए.

ममता बनर्जी ने महिला अधिकार को लेकर कोलकाता में आयोजित रैली का नेतृत्व किया. इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ” कई लोगों ने संदेशखाली पर फर्जी संदेश दिया है. कुछ घटनाओं को जिस तरह से दिखाया गया वह निंदनीय है. कुछ घटनाएं घटी होंगी और वे हम तक नहीं पहुंची होंगी. लेकिन जब हमें पता चलता है तो हम कार्रवाई करते हैं. अगर तृणमूल कार्यकर्ता गलती पर हैं तो मुझे उसे गिरफ्तार करने में कोई झिझक नहीं है.”

प्रधानमंत्री का नाम लिए बिना तृणमूल प्रमुख ने कहा, ”कल आप यहां आये और हमें उपदेश दिया कि यहां महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं. उत्तर प्रदेश में वीभत्स बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं. भाजपा को शर्म आनी चाहिए कि मणिपुर में हमारी बेटियों के साथ बलात्कार किया गया और उन्हें जला दिया गया.”

उन्होंने कहा, ” पश्चिम बंगाल महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से देश का सबसे सुरक्षित राज्य है.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि ‘संदेशखाली का ज्वार’ पूरे पश्चिम बंगाल में फूटेगा, जहां ‘नारी शक्ति’ लोकसभा चुनावों में राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी को हराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. ममता बनर्जी का यह बयान इसी संदर्भ में आया है.

बनर्जी ने भाजपा नेताओं पर पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा के बारे में अफवाह फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जब भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं पर अत्याचार होता है तो वे चुप्पी साध लेते हैं. गंगोपाध्याय पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने कहा, ” उन्होंने अपने फैसलों के जरिये राज्य के हजारों युवाओं की नौकरी छीन ली.”

उन्होंने कहा, ” युवा आपको कभी माफ नहीं करेंगे. आपके सभी फैसले सवालों के घेरे में है. हम आपकी हार सुनिश्चित करेंगे.” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा, तृणमूल कांग्रेस से आक्रोशित है क्योंकि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी पश्चिम बंगाल में उसे विभाजनकारी राजनीति करने नहीं दे रही है.

उन्होंने कहा, ”चूंकि हम उन्हें विभाजनकारी राजनीति नहीं करने दे रहे हैं, पिंटू बाबू को गुस्सा आता है. मैं भाजपा को पिंटू बाबू कहती हूं. पिंटू बाबू क्यों आक्रोशित हैं? उन्होंने बंगाल में 400 टीम भेजी लेकिन एक भी मणिपुर में नहीं जहां महिलाओं पर हमला किया गया उन्हें निर्वस्त्र किया गया.” राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पूर्व आयोजित इस रैली की थीम ‘महिला अधिकार हमारी प्रतिबद्धता’ थी.

ममता बनर्जी अपनी चिरपरिचित शैली में नीले किनारी वाली सफेद साड़ी में रैली का नेतृत्व करने के लिए निकली और उन्होंने शॉल गले में लपेटा हुआ था. वह सड़क के किनारे खड़े लोगों को दोनों हाथ जोड़कर अभिवादन किया. तृणमूल प्रमुख जब मध्य कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट से डोरिना चौराहे तक मार्च निकाल रही थीं तब उन्हें हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते देखा गया. रैली में तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे. भाजपा के राणाघाट दक्षिण से विधायक मुकुत मणि अधिकारी को भी उनके साथ देखा गया.

मणि ने कहा, ”मेरा मानना है कि तृणमूल ही एकमात्र मंच है जहां पर आप जनता के साथ काम कर सकते हैं. इसलिए मैंने तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया. पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए 2021 में संपन्न चुनाव के बाद मणि सातवें भाजपा विधायक हैं जो तृणमूल का दामन थामने जा रहे हैं. हालांकि, उन्होंने अब तक विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu