भोपाल. मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की एक तस्वीर को ‘मामा का श्राद्ध’ शीर्षक के साथ ट्वीट करने के लिए कांग्रेस पर हमला बोला है. हालांकि विपक्षी दल कांग्रेस ने इससे इनकार किया है कि उसने ऐसा कोई ट्वीट पोस्ट किया है. श्राद्ध हिंदुओं द्वारा ‘पितृ पक्ष’ अवधि के दौरान अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि देने के लिए किया जाने वाला एक अनुष्ठान है जो वर्तमान में चल रहा है.
चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह ने मंगलवार को ‘विथ कांग्रेस हैंडल’ द्वारा कथित रूप किये गये एक कथित पोस्ट का स्क्रीनशॉट एक्स पर साझा किया. इसमें ‘मामा का श्राद्ध’ पंक्ति के साथ मुख्यमंत्री चौहान की तस्वीर है और लिखा है कि भाजपा ने श्राद्ध के दौरान विधानसभा चुनाव के लिए चौहान के लिए टिकट की घोषणा की है. राज्य में शिवराज सिंह चौहान को प्यार से ‘मामा’ कहा जाता है.
कार्तिकेय ने पोस्ट पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि यह उनके पिता को श्रद्धांजलि है जो जीवित हैं.
उन्होंने कहा,” मुझे दया आती है कि आज कांग्रेसी कितने नीचे गिर गये हैं. क्या आपको लगता है कि भगवान इसके लिए आपको माफ कर देंगे? ” मुख्यमंत्री ने खुद बुधवार को इस पोस्ट के बारे में ट्वीट करते हुए कहा, ”जो कांग्रेस हमेशा सनातन धर्म को गाली देती है, उससे क्या उम्मीद की जा सकती है. अगर सत्ता की भूखी कांग्रेस को श्राद्ध ही करना है तो उसे अपनी कुंठित सोच और बुरे संस्कारों के लिए यह अनुष्ठान करना चाहिए.”
उन्होंने कहा,” श्राद्ध हिंदू और अन्य भारतीय धर्मों में किया जाने वाला एक अनुष्ठान है….जो पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने और उन्हें याद करने के लिए किया जाता है. कांग्रेस पार्टी लगातार धर्म और कर्म को लेकर जो पाप कर रही है उससे यह स्पष्ट हो जाता है कि उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है.” प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने ‘एक्स’ पर जवाब देते हुए कहा कि पार्टी ने ऐसा कोई पोस्ट ट्वीट नहीं किया है.
उन्होंने कहा, ” प्रिय शिवराज जी, भगवान आपको लम्बी उम्र दे. मुझे समझ नहीं आता कि आपको हर चीज. के पीछे कांग्रेस पार्टी क्यों दिखती है. जैसा कि आपने बताया, कांग्रेस की ओर से ऐसा कोई ट्वीट पोस्ट नहीं किया गया है.” कमलनाथ ने कहा कि चौहान पोस्ट ट्वीट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं.
उन्होंने कहा कि बिना किसी तथ्य के कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाना राजनीति का सबसे निचला स्तर है. उन्होंने कहा, ” सहानुभूति हासिल करने के लिए झूठा प्रचार करना नैतिक नहीं है.” पूर्व मुख्यमंत्री नाथ ने कहा, ” यह भाजपा है जिसने श्राद्ध के दौरान चौहान को टिकट दिया था, न कि कांग्रेस ने. आप (चौहान) अच्छी तरह जानते हैं कि आपकी ही पार्टी में आपके निजी दुश्मन हैं और वह आपको नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है.” उन्होंने कहा कि दूसरों पर झूठे आरोप लगाने से बेहतर होगा कि आप अपनी पार्टी में अनुशासन स्थापित करें. उन्होंने कहा कि ईश्वर आपको स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन प्रदान करें. मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीट के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होनी है.