
भोपाल. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विधायकों को खरीदकर 2020 में मध्य प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार गिराने का आरोप लगाया. उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस 17 नवंबर को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में कुल 230 में से लगभग 150 सीटें जीतेगी.
राहुल गांधी राज्य की राजधानी से लगभग 55 किलोमीटर दूर विदिशा में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा, ”कांग्रेस के पक्ष में तूफान आने वाला है. पार्टी 145 से 150 सीट जीतेगी. पांच साल पहले आपने कांग्रेस की सरकार चुनी थी, लेकिन भाजपा नेता (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी, (मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री) शिवराज सिंह और (केंद्रीय गृह मंत्री) अमित शाह ने विधायकों को खरीद लिया और आपकी सरकार चुरा ली.ह्व उन्होंने कहा कि कमलनाथ के नेतृत्व वाली तत्कालीन कांग्रेस सरकार (जो मार्च 2020 तक 15 महीने के लिये मध्य प्रदेश में सत्ता में थी) ने 27 लाख किसानों के कृषि ऋण माफ कर दिए, लेकिन उस सरकार को गिराकर भाजपा ने मजदूरों, किसानों, छोटे व्यापारियों और बेरोजगारों को धोखा दिया.
उन्होंने कहा, ”कांग्रेस ने नफरत से नहीं, बल्कि प्यार से कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बाहर किया.” कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ”भाजपा ने कर्नाटक में 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार चलाई… (कांग्रेस के वहां सत्ता में आने के बाद) मैंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री से कहा कि भाजपा सरकार ने पांच साल में गरीबों की जेब से जो पैसा छीना है, उसे वापस करें. मैंने उनसे गरीबों का पैसा लौटाने को कहा, जो भाजपा ने अमीरों को दिया था.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में अपने सभी वादे पूरे किए, जिनमें कृषि ऋण माफी और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा शामिल है.
गांधी ने कहा कि कांग्रेस शासित कर्नाटक और छत्तीसगढ़ में लोगों को 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर मिल रहा है, जबकि अन्य राज्यों में लोगों को इसके लिए 1,200-1,400 रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है. गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों को फसल का गारंटीकृत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिल रहा है और मजदूरों को 10,000 रुपये मजदूरी दी जा रही है. उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है.
मध्य प्रदेश में अपनी पार्टी की विभिन्न गारंटी दोहराते हुए गांधी ने कहा कि गेहूं का एमएसपी 2,600 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 3,000 रुपये किया जाएगा, जबकि धान 2,500 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदा जाएगा. गांधी ने दावा किया कि पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के किसान नहीं चाहते कि उनकी जमीन बेची जाए.
उन्होंने कहा, ”छत्तीसगढ़ में एक किसान ने मुझे बताया कि उसे अपनी जमीन की कीमत नहीं पता है. उसने कहा कि उसे कीमत से कोई लेना-देना नहीं है क्योंकि उसे जमीन बेचना ही नहीं है क्योंकि छत्तीसगढ़ सरकार उसकी फसल का सही कीमत दे रही है और उसका कर्ज माफ कर दिया.” उन्होंने कहा, ”हमने किसानों और मजदूरों की जेब में पैसा डाला, जो छोटे व्यापारियों से खरीदारी करते थे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हुई.
कांग्रेस सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दावा करते हैं कि उन्होंने मध्य प्रदेश में 500 उद्योग स्थापित किए. गांधी ने सवाल किया, ”क्या आप उनमें से किसी को जानते हैं?” गांधी ने दोहराया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो मध्य प्रदेश में भी दो लाख रुपये तक का कृषि ऋण माफ कर दिया जाएगा.
भाजपा पर बड़े ठेकेदारों और अंबानी-अडाणी को ठेका देने का आरोप लगाते हुए गांधी ने कहा, ”अमीर लोगों का 14 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया है. ये (गौतम) अडाणी का पैसा नहीं है. यह जीएसटी (माल एवं सेवा कर) का पैसा है, जो आम लोग हर खर्च पर देते हैं.” उन्होंने कहा कि सभी हवाई अड्डे, बंदरगाह, सड़कें लोगों की हैं.
उन्होंने कहा, ”बैंकों के पास कर्ज माफ करने के लिए पैसा कहां से आया? यह जनता का पैसा है.” मीडिया पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि उनके सामने केवल एक बड़ा कैमरा है. उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री की रैली में आप उनके सामने 50-100 कैमरे देख सकते हैं… आप उन्हें 24 घंटे टीवी पर देख सकते हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अपने भाषणों में हिंदू धर्म और हिंदू-मुस्लिम की बात करते हैं और उन्हें आपस में लड़वाते हैं.
उन्होंने दावा किया, ”एक कमी है. मैं किसानों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों की बात करता हूं, लेकिन मीडिया का रिमोट कंट्रोल आपके पास नहीं है. अगर रिमोट कंट्रोल किसानों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों के पास होता तो आपको राहुल गांधी का चेहरा 24 घंटे टीवी पर दिख जाता… नियंत्रण अडाणी के हाथ में है.” गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने दो तरह का हिंदुस्तान बनाया है.
उन्होंने कहा, ”मध्य प्रदेश में (भाजपा शासन के तहत) 18,000 किसानों ने आत्महत्या की, वहीं दूसरी ओर अरबपति लंदन, जापान, अमेरिका में महल खरीद रहे हैं और शानदार जीवन जी रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”हिंदुस्तान ऐसा होना चाहिए, जहां सभी को सम्मान मिले और इसकी रीढ़ किसान, मजदूर और युवा हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि देश के इतिहास में पहली बार किसान ट्रैक्टर, कीटनाशकों और उर्वरकों पर कर दे रहे हैं.
उन्होंने कहा कि अगर आम चुनाव के बाद कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आती है, तो वह आम, धान, चावल जैसी फसलों का निर्यात सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ में 2-3 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे खोलेगी. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के लिए भी यही योजना बनाई गई है. उन्होंने मध्य प्रदेश की मौजूदा भाजपा नीत सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए व्यापमं और पटवारी घोटाले जैसी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का हवाला दिया.
उन्होंने कहा, ”उन्होंने सरकार (कांग्रेस सरकार) चुरा ली क्योंकि वे भ्रष्टाचार में शामिल होना चाहते थे.” गांधी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक केंद्रीय मंत्री (नरेन्द्र सिंह तोमर) के बेटे दिख रहे हैं, जिसमें वह 100 करोड़ रुपये और उससे अधिक की रकम के हस्तांतरण की बात कर रहे हैं.
उन्होंने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा, ”यह आपका पैसा है, तोमर का नहीं.” इस वीडियो में केंद्रीय मंत्री के बेटे देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर और एक ”बिचौलिया” कथित तौर पर कई करोड़ रुपये के बारे में बात करते दिख रहे हैं. हालांकि, तोमर ने वीडियो को फर्जी बताया है.
कांग्रेस नेता ने पूछा कि क्या मोदी सरकार ने इस प्रकरण की जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग (आईटी) को भेजा था. मोदी ने कहा था कि नोटबंदी से कालाधन खत्म हो जाएगा. गांधी ने तोमर के वीडियो का जिक्र करते हुए पूछा, ”तो यह किस प्रकार का पैसा है?” गांधी ने कहा कि उनकी लोकसभा सदस्यता और सरकारी आवास छीन लिया गया क्योंकि वह संसद में अडाणी के बारे में बात करते थे. मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा.
पूर्ववर्ती संप्रग सरकार द्वारा स्वीकृत बुंदेलखंड पैकेज से लोगों को एक रुपया भी नहीं मिला : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के शासन के दौरान मंजूर किए गए 7,000 करोड़ रुपये के पैकेज को खर्च करने में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मंगलवार को दावा किया कि लोगों को इसमें से एक रुपया भी नहीं मिला. गांधी मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में स्थित टीकमगढ़ जिले में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित कर रहे थे. मप्र में विधानसभा चुनाव 17 नवंबर को होने हैं.
गांधी ने आरोप लगाया ”संप्रग सरकार उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 7,000 करोड़ रुपये का बुंदेलखंड पैकेज लेकर आई थी, लेकिन इसका एक रुपया भी आपको (जनता को) नहीं मिला. इसका पैसा सिंचाई, किसानों, मजदूरों पर खर्च नहीं किया गया. सारा पैसा भाजपा वाले ले गये.” उन्होंने मध्य प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकारों पर “सूट-बूट” पहनने वालों के लिए काम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि लोगों के पास दो विकल्प हैं, एक अरबपतियों की सरकार है जो केवल भ्रष्टाचार में लिप्त है, या कांग्रेस जो किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और युवाओं के लिए काम करती है.
गांधी ने लोगों से यह भी पूछा कि क्या उन्होंने केंद्रीय मंत्री (नरेंद्र सिंह तोमर) के बेटे का वीडियो देखा है ? उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में ”तोमर का बेटा” 15 करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये के लेनदेन की बात कर रहा है. गांधी ने कहा, ” क्या (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी ने उनकी जांच सीबीआई, ईडी या आईटी से कराई है? उन्होंने इन पर एक शब्द भी नहीं कहा.” कांग्रेस नेता ने कहा कि यह मप्र की जनता का पैसा है. केंद्रीय मंत्री के बेटे ने दावा किया है कि वीडियो फर्जी है.
गांधी ने व्यापमं घोटाला, पटवारी जैसी विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, मिड-डे मील “घोटाले” सहित अन्य घोटालों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस मध्य प्रदेश में सत्ता में आती है, तो गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,600 रुपये प्रति क्विंटल और फिर बाद में बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति क्विंटल किया जाएगा. कांग्रेस नेता ने राज्य में उनकी पार्टी द्वारा घोषित कई अन्य गारंटियों का भी उल्लेख किया, जिनमें मुफ्त और रियायती बिजली और महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता शामिल है.



