नंदीग्राम उपचुनाव में भाजपा रिकॉर्ड अंतर से जीतेगी: शुभेंदु अधिकारी

 हल्दिया:  पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दावा किया कि नंदीग्राम उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार एवं उनके पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हसिरानी रथ रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज करेंगी।

शुभेंदु ने नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीट के मतदाताओं को संबोधित करते हुए पूछा कि छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में वे राज्य की भाजपा सरकार का समर्थन करेंगे या नहीं। वह हसिरानी रथ का नामांकन पत्र दाखिल कराने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ यहां उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पहुंचे।

शुभेंदु ने कहा कि चुनाव कैसे कराया जाता है, वह अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने वहां जुटे लोगों को भरोसा दिलाया कि नंदीग्राम में भाजपा ”इतने बड़े अंतर से जीतेगी, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।” शुभेंदु अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीट पर जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट बरकरार रखी और नंदीग्राम सीट छोड़ दी।
शुभेंदु के इस सीट को छोड़ने के कारण यहां चुनाव कराना अनिवार्य हो गया।

उन्होंने कहा, ”चंद्र (चंद्रनाथ रथ) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका सबसे बड़ा अपराध यही था कि उसने उस समय के विपक्ष के नेता की मदद की थी।” चंद्रनाथ, शुभेंदु के निजी सहायक के तौर पर काम कर चुके थे। वह छह मई को मध्यमग्राम में कार से जा रहे थे तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन पर कथित तौर पर गोली चलाईं। अस्पताल ले जाने के बाद उनकी मौत हो गई जबकि चालक घायल हो गया।

इस मामले की शुरूआती जांच राज्य पुलिस और एक विशेष जांच दल ने की थी जिसे बाद में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया। मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम के लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा, ”निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से मैंने जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है।” शुभेंदु ने 2021 के चुनाव में नंदीग्राम में बनर्जी को 1,956 मतों के अंतर से हराया था और पांच साल बाद फिर यह सीट जीत ली।

अल्पसंख्यक मतदाताओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ”छह अक्टूबर को आपकी परीक्षा होगी कि आप सरकार और मुख्यमंत्री के साथ रहना चाहते हैं और मिलकर काम करना चाहते हैं या नहीं। इस परीक्षा में सफल होना है या असफल, यह फैसला मैं आप पर छोड़ता हूं।” पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद की रेजिनगर सीट पर अल्पसंख्यक मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है।

आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने दोन सीट रेजिनगर और नउदा से जीत हासिल करने के बाद रेजिनगर सीट छोड़ दी थी जिसके बाद इस सीट पर चुनाव जरूरी हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ मई को सत्ता संभालने के बाद राज्य की भाजपा सरकार विकास से जुड़ी कई पहल कर रही है और वह अगले 56 माह तक पश्चिम बंगाल के लोगों के कल्याण व राज्य की प्रगति के लिए काम करेगी।

उन्होंने कहा, ”नंदीग्राम के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज झूठे आपराधिक मामलों को वापस लेना मेरी जिम्मेदारी है। अत्याचार झेलने वाले सभी कार्यकर्ताओं को काम, आश्रय और भोजन उपलब्ध कराना मेरा वादा है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button