दिल्ली में सभी सात लोकसभा सीट पर भाजपा की बढ़त बरकरार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 04:50 PM
दिल्ली में सभी सात लोकसभा सीट पर भाजपा की बढ़त बरकरार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली में लोकसभा की सभी सात सीट पर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बढ़त बनायी हुई है और उसके तीन उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से एक लाख से अधिक मतों से आगे हैं. निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों के अनुसार, चांदनी चौक से भाजपा के प्रवीण खंडेलवाल कांग्रेस के जय प्रकाश अग्रवाल से शुरुआत में पीछे थे लेकिन अब उन्होंने 30,171 मतों से बढ.त बना ली है. उत्तर पूर्व दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी कांग्रेस के कन्हैया कुमार से 1,37,305 मतों से आगे हैं.

निर्वाचन आयोग के आंकड़े के अनुसार, पश्चिम दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार कमलजीत सहरावत आम आदमी पार्टी (आप) के महाबल मिश्रा से 1,23,119 मतों से आगे हैं. उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट पर भाजपा उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया ने कांग्रेस के उदित राज के  खिलाफ 1,56056 मतों की निर्णायक बढ.त बना ली है. पूर्वी दिल्ली सीट पर ‘आप’ के कुलदीप कुमार भाजपा के हर्ष मल्होत्रा से 34,189 मतों से पीछे हैं.

भाजपा के रामवीर सिंह बिधूड़ी दक्षिण दिल्ली सीट से ‘आप’ के सही राम पहलवान से 90,375 मतों के अंतर से आगे हैं जबकि नयी दिल्ली सीट से भाजपा प्रत्याशी व पार्टी की वरिष्ठ नेता दिवंगत सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज 47,700 मतों से आगे हैं.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भाजपा का सीधा मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के गठबंधन से है. भाजपा ने 2014 और 2019 के आम चुनाव में दिल्ली की सभी सात सीट पर जीत दर्ज की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu