चिनाब नदी में कूदकर आत्महत्या करने वाले युवक का शव पाकिस्तान में बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jul 2024 08:32 PM
चिनाब नदी में कूदकर आत्महत्या करने वाले युवक का शव पाकिस्तान में बरामद
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू में पिछले महीने कथित तौर पर चिनाब नदी में कूदकर आत्महत्या करने वाले एक युवक का शव पाकिस्तान में बरामद किया गया जिसके बाद मृतक के परिवार ने अंतिम संस्कार के लिए शव वापस लाने के वास्ते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है. अखनूर सेक्टर के एक सीमावर्ती गांव में रहने वाला हर्ष नागोत्रा 11 जून को लापता हो गया था और उसकी मोटरसाइकिल नदी के किनारे से बरामद की गई थी. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि अगले दिन नागोत्रा के परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी.

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार ‘आनलाइन गेमिंग एप्लिकेशन’ में 80 हजार रुपये से अधिक का नुकसान होने पर उसके नदी में कूदकर आत्महत्या करने का संदेह है. एक निजी दूरसंचार कंपनी में काम करने वाले नागोत्रा के अभिभावकों ने उसका ‘सिम कार्ड’ फिर से चालू किया जिसके बाद एक पाकिस्तानी अधिकारी की ओर से ‘व्हाट्सऐप’ पर मिले एक संदेश के जरिए नागोत्रा की मौत की पुष्टि हुई.

नागोत्रा के पिता सुभाष शर्मा ने कहा कि ‘पोस्टमार्टम’ विभाग में तैनात होने का दावा करने वाले पाकिस्तानी अधिकारी की ओर से आए ‘व्हाट्सऐप’ संदेश से उन्हें सूचना दी गई कि शव 13 जून को पंजाब प्रांत के सियालकोट में एक नहर से बरामद किया गया था. पाकिस्तानी अधिकारी ने मृतक के पिता को शव दफना दिए जाने की सूचना दी. उन्होंने परिवार को ‘व्हाट्सऐप’ के माध्यम से नागोत्रा का पहचान पत्र भी भेजा, जिससे यह पुष्टि होती है कि शव उनके लापता बेटे का था.

शर्मा ने कहा, ”हम अपने प्रधानमंत्री से अनुरोध करते हैं कि अंतिम संस्कार के लिए मेरे बेटे का शव वापस लाने में हमारी मदद करें. हम उसका अंतिम संस्कार अपने धर्म के अनुसार करना चाहते हैं.” नागोत्रा के रिश्तेदार अमृत भूषण ने कहा कि वह पहले ही इस मामले को लेकर विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिख चुके हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu