मुख्यमंत्री यादव के काफिले की गाड़ियों में मिलावटी ईंधन मामले में बीपीसीएल ने बारिश को जिम्मेदार ठहराया

भोपाल/रतलाम: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले के वाहनों में पानी मिश्रित ईंधन भरने के कारण उनके (वाहनों के) काम करना बंद करने के बाद भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने शनिवार को कहा कि ‘असामान्य भारी बारिश’ के कारण रतलाम में उसके पेट्रोल पंप पर ईंधन भंडारण टैंकों में पानी घुस गया।

बीसीसीएल ने यह भी कहा कि घटना के मद्देनजर पेट्रोल पंप से ईंधन के नमूने एकत्र किए गए और परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। यह घटना 26 जून को रतलाम के डोसीगांव में शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर रात करीब 10 बजे हुई। अधिकारियों के अनुसार, वहां ईंधन भरने के तुरंत बाद, मुख्यमंत्री के काफिले के सभी वाहन खराब हो गए और उन्हें धक्का देकर सड़क के किनारे खड़ा करना पड़ा।

इसके बाद प्रशासन ने इंदौर से नए वाहनों की व्यवस्था की और पेट्रोल पंप को भी सील कर दिया। बीपीसीएल ने एक बयान में कहा, “हम मध्यप्रदेश के रतलाम में ईंधन स्टेशन, मेसर्स शक्ति फ्यूल प्वाइंट पर डीजल टैंक में पानी की मौजूदगी की एक घटना से हमारे ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए गहरा खेद व्यक्त करते हैं, जिसकी वजह से 26 जून, 2025 की शाम को कुछ वाहन प्रभावित हुए।”

बयान में कहा गया, ” खाद्य निरीक्षक और तहसीलदार सहित सरकारी अधिकारियों द्वारा किए गए प्रारंभिक निरीक्षण में भूमिगत हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) टैंक में पानी का पता चला। इसके विपरीत पेट्रोल (एमएस) टैंक अप्रभावित रहा।” बीसीसीएल ने कहा कि प्रारंभिक आकलन से संकेत मिलता है कि दिन के दौरान क्षेत्र में असामान्य भारी वर्षा के कारण डीजल टैंक में पानी घुस गया।

सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने कहा कि डीलर ने मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार उस सुबह पेट्रोल और डीजल दोनों टैंकों की जांच की थी और दोनों टैंकों में पानी की मौजूदगी नहीं पाई गई थी। बयान में कहा गया कि उसी पेट्रोल पंप से पेट्रोल भी बेचा गया लेकिन इसमें कोई शिकायत नहीं आई।

बीसीसीएल ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों के बाद, पेट्रोल पंप को 26 जून को रात 11.45 बजे बंद कर दिया गया, ईंधन के नमूने एकत्र किए गए और परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने कहा कि जांच के परिणाम जल्द ही आने की उम्मीद है और एहतियात के तौर पर पेट्रोल पंप से सभी बिक्री और आपूर्ति रोक दी गई है और ईंधन स्टेशन को बंद कर दिया गया है।

बीपीसीएल ने कहा कि पेट्रोल पंप मालिक को एक औपचारिक पत्र जारी किया गया है। बयान में कहा गया, “हम अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं और सभी आवश्यक सुधारात्मक और निवारक उपायों को लागू कर रहे हैं।”

यह घटना रतलाम में मुख्यमंत्री यादव के निर्धारित कार्यक्रम से एक दिन पहले हुई थी। अतिरिक्त जिलाधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने इससे पहले बताया था कि पेट्रोल पंप पर ईंधन भरने के कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल कारों के इंजनों ने काम करना बंद कर दिया।

उन्होंने बताया कि शिकायत मिलते ही पेट्रोल पंप से ईंधन का नमूना लिया गया और प्रतिष्ठान को तत्काल सील कर दिया गया। रतलाम में आयोजित क्षेत्रीय उद्योग, कौशल एवं रोजगार कॉन्क्लेव मध्यप्रदेश (राइज) 2025 के लिए वाहनों को मंगवाया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button