बसपा नेता हत्याकांड के आरोपी को चेन्नई में पुलिस ने मार गिराया, विपक्ष की सीबीआई जांच की मांग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jul 2024 10:24 PM
बसपा नेता हत्याकांड के आरोपी को चेन्नई में पुलिस ने मार गिराया, विपक्ष की सीबीआई जांच की मांग
ऑडियो सुनें

चेन्नई. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख के. आर्मस्ट्रांग की हत्या के एक प्रमुख आरोपी ने रविवार को यहां पुलिसर्किमयों पर हमला कर दिया और हिरासत से भागने की कोशिश की, जिस दौरान उसे मार गिराया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. कई विपक्षी नेताओं ने हत्या के संदिग्ध आरोपी के. थिरुवेंगदम की हत्या के लिए जिम्मेदार घटनाओं के बारे में पुलिस के बयान पर सवाल उठाये और अपनी मांग दोहराई कि बसपा नेता की हत्या की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए.

विपक्ष ने जब यह पूछना जारी रखा कि क्या गिरफ्तार किए गए लोग ‘असली अपराधी’ हैं, तो पुलिस ने एक वीडियो क्लिप जारी की, जिसमें कथित तौर पर आरोपी व्यक्तियों को पांच जुलाई को आर्मस्ट्रांग की हत्या करते दिखाया गया है. पुलिस ने कहा कि यह क्लिप अपराध स्थल के आसपास के सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से ली गई थी.

पुलिस ने बताया कि जब आरोपी के. थिरुवेंगदम को जांच के तहत उत्तरी चेन्नई के एक स्थान मनाली ले जाया गया, तो उसने एक पुलिसकर्मी पर हमला कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद एक पुलिस अधिकारी ने उसपर गोली चलाई. थिरूवेंगदम को बसपा नेता की हत्या में इस्तेमाल किये जाने के बाद छिपाकर रखे गये हथियारों की बरामदगी के लिए वहां ले जाया गया था. पुलिस ने बताया कि आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

थिरुवेंगदम (30), बसपा नेता आर्मस्ट्रांग की हत्या के मामले में गिरफ्तार किये गए 11 आरोपियों में से एक था और वह एक कुख्यात अपराधी था. यहां की एक अदालत ने कुछ ही दिन पहले सभी आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था. आर्मस्ट्रांग की यहां पांच जुलाई को एक गिरोह ने हत्या कर दी थी, जिसके बाद विपक्षी दलों ने राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाया था. पुलिस और सरकार ने अपराधियों को सजा दिलाने के लिए कड़े कदम उठाने का आश्वासन दिया था. पुलिस ने 11 जुलाई को पुदुकोट्टई जिले में एक कुख्यात अपराधी को भी मार गिराया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu