बजट रोजगार और अवसरों के एक नए युग की शुरुआत करेगा: शाह

विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री मोदी के सपने को पूरा करने में मददगार साबित होगा बजट: भाजपा

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से मंगलवार को संसद में पेश किए गए 2024-25 के आम बजट को दूरदर्शी, जनहितैषी और विकासोन्मुखी करार दिया और कहा कि यह रोजगार तथा अवसरों के एक नए युग की शुरुआत करके देश को एक विकसित राष्ट्र के रूप में उभरने की राह पर ले जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि बजट भारत की उद्यमशीलता को बढ़ाने और व्यापार करने में सुगमता के साथ आर्थिक विकास को दिशा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘दृढ़ प्रतिबद्धता’ को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि बजट में कर आकलन नियमों को सरल बनाकर करदाताओं को राहत दी गई है. शाह ने कहा कि यह न केवल भारत के उद्देश्य, उम्मीद और आशावाद की नयी भावना का उदाहरण प्रस्तुत करता है, बल्कि उन्हें मजबूत भी करता है.

उन्होंने हैशटैग ‘बजटफॉरविकसितभारत’ के साथ ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”भारत के युवाओं, महिलाओं और किसानों की शक्ति का उपयोग करते हुए यह बजट रोजगार और अवसरों के एक नए युग की शुरुआत करके एक विकसित राष्ट्र के रूप में उभरने के मार्ग पर राष्ट्र की गति को बढ़ावा देता है.” केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बजट देशवासियों की आशाओं, आकांक्षाओं और विश्वास को पूरा करने के लिए मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के संकल्प का परिचायक भी है.

उन्होंने कहा, ”यह बजट युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ किसानों के लिए कई अवसर प्रदान करते हुए एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.” उन्होंने कहा, ”जनहितैषी और विकासोन्मुखी दूरदर्शी बजट के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करता हूं.”

बजट में कृषि उत्पादकता, रोजगार को बढ़ावा देने वाला : गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 के बजट में कृषि क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने, रोजगार और कौशल बढ़ाने और मानव संसाधन और सामाजिक न्याय को ऊपर उठाने का वादा किया गया है. गडकरी ने कहा कि बुनियादी ढांचे, नवाचार, अनुसंधान और अगली पीढ़ी के सुधारों पर मजबूत ध्यान बिन्दु के साथ यह बजट सभी क्षेत्रों में भारत की महत्वपूर्ण उन्नति के लिए मंच तैयार करता है.

उन्होंने हैशटैग ‘बजट फॉर विकसित भारत’ के साथ ‘एक्स’ पर लिखा, ”एक उज्जवल, अधिक समृद्ध भविष्य हम सभी की प्रतीक्षा कर रहा है.” गडकरी ने आगे कहा कि यह दूरदर्शी बजट सतत विकास, नवाचार और स्थायी प्रगति को बढ़ावा देता है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत के लिए एक टिकाऊ और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करता है.

विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री मोदी के सपने को पूरा करने में मददगार साबित होगा बजट: भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को केंद्रीय बजट को ‘शानदार’ करार दिया और कहा कि यह देश के आर्थिक बदलाव को गति देगा तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को पूरा करने में मददगार साबित होगा. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा मंगलवार को संसद में केंद्रीय बजट पेश किए जाने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह कई मायनों में अद्वितीय है और सर्वांगीण व समावेशी विकास के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की नौ प्रमुख प्राथमिकताओं को स्पष्ट रूप से रेखांकित करते हुए इसने भारत के विकास पथ को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने का काम किया है.

सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”यह बजट 2027 तक भारत को 5,000 अरब डॉलर (पांच ट्रिलियन डॉलर) की अर्थव्यवस्था बनाने में एक लंबा रास्ता तय करेगा.” उन्होंने कहा, ”वित्त वर्ष 2024-25 के लिए एक शानदार और उत्कृष्टतापूर्ण बजट पेश करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई. यह एक समृद्ध और आत्मनिर्भर ‘विकसित भारत’ बनाने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेगा.” रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समावेशी और तेज गति वाले विकास के दृष्टिकोण से प्रेरित यह बजट भारत के आर्थिक परिवर्तन को गति देगा.

उन्होंने कहा, ”बजट में भारत के किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के अन्य कमजोर वर्गों की मदद के लिए कई नीतियों और कार्यक्रमों की घोषणा की गई है. इसमें बुनियादी ढांचा, कृषि, बैंकिंग, ऊर्जा, उद्योग, शोध एवं विकास, एमएसएमई और रक्षा जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है.” सिंह ने कहा कि बजट मांग को बढ़ावा देगा, युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा और देश की अर्थव्यवस्था को वैश्विक मंच पर ले जाएगा.

उन्होंने कहा, ”मैं भारत के आर्थिक और सामाजिक विकास को महत्वपूर्ण बनाने के लिए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को धन्यवाद देता हूं.” संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बजट में खामियां निकालने के लिए विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बजट ‘विकासोन्मुखी’ है और इसका उद्देश्य ‘सभी को, विशेषकर युवाओं और महिलाओं’ को लाभ पहुंचाना है.

उन्होंने कहा, ”केंद्रीय बजट एक तरह से सभी वर्गों के लिए, खासतौर से युवाओं और महिलाओं के लिए ड्रीम बजट है. यह बजट प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार करने की शुरुआत को दर्शाता है.” बजट की विपक्षी दलों द्वारा की गई आलोचना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ”अगर विपक्षी दलों ने इसकी आलोचना की है तो इसका मतलब है कि यह बहुत अच्छा बजट है. वे निराश और चिंतित हैं क्योंकि यह देश के लिए अच्छा बजट है. यह विकासोन्मुखी बजट है.”

रीजीजू ने कहा कि बजट में हर क्षेत्र के लिए प्रावधान हैं. उन्होंने कहा, ”मध्यम वर्ग, वेतनभोगी वर्ग, पेंशनभोगी वर्ग और कैंसर मरीजों को छूट दी गई है. आपने ऐसा बजट कभी नहीं देखा होगा.” केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बजट को ‘दूरदर्शी’ बताते हुए इसकी सराहना की. उन्होंने कहा कि इसने यह सुनिश्चित किया है कि भारत एक विकसित और आत्मनिर्भर देश बनने की राह पर अग्रसर है.

उन्होंने कहा, ”बजट कृषि, ग्रामीण विकास, बुनियादी ढांचे, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.” उन्होंने कहा, ”मैं वित्त मंत्री को बधाई देना चाहता हूं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा.” केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बजट देश में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा.

उन्होंने कहा, ”रोजगार, कौशल, एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) और मध्यम वर्ग इस बजट के चार फोकस क्षेत्र हैं. रोजगार, शिक्षा और कौशल विकास के लिए 1.48 लाख करोड़ रुपये के वित्तीय आवंटन का प्रावधान किया गया है.” प्रधान ने बजट की आलोचना करने के लिए विपक्षी दलों पर निशाना साधा और उन पर इसे नकारात्मक मानसिकता से देखने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में लगातार तीसरी हार से कांग्रेस ‘हताश’ है.

भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने बजट को ‘समग्र’ बताया और कहा कि विपक्षी दल मोदी सरकार के बजट पर कभी भी, किसी भी तरह की रचनात्मक चर्चा में शामिल नहीं हुए हैं. उन्होंने कहा, ”ऐसा इसलिए है क्योंकि पिछले 10 साल से केंद्रीय बजट लोगों के अनुकूल और विकासोन्मुखी रहा है. लोगों ने इसे पसंद किया है. यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी ने जवाहरलाल नेहरू के बाद तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रचा है.” पुरी के सांसद ने बजट में ‘ओडिशा की व्यापक चिंता करने’ के लिए मोदी और सीतारमण को धन्यवाद दिया और कहा कि ‘प्रधानमंत्री जनजाति उन्नत ग्राम अभियान’ के क्रियान्वयन से राज्य को लाभ होगा क्योंकि यहां आदिवासियों की बड़ी आबादी है. उन्होंने कहा, ”बजट में समाज के सभी वर्गों को शामिल किया गया है. मुझे यकीन है कि भारत के लोग इस बजट के साथ खड़े होंगे.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button