समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर हुए बस हादसे के वक्त शराब के नशे में था बस चालक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 07 Jul 2023 10:27 PM
समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर हुए बस हादसे के वक्त शराब के नशे में था बस चालक
ऑडियो सुनें

नागपुर. महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक जुलाई को हुए बस हादसे की फॉरेंसिक जांच से पता चला है कि हादसे के वक्त बस चालक शराब के नशे में था. एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. एक जुलाई को तड़के बुलढाणा के पिंपलखुटा गांव में नागपुर-मुंबई ‘समृद्धि एक्सप्रेस-वे’ पर डिवाइडर से टकराने के बाद एक स्लीपर कोच बस में आग लग गई थी. इस भीषण हादसे में बस में सवार 33 यात्रियों में से 25 की झुलसकर मौत हो गई थी. बस चालक और खलासी सहित आठ लोग बच गये थे.

अधिकारी ने बताया कि चालक की पहचान दानिश शेख के रूप में हुई. बाद में, उसे लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की रासायनिक विश्लेषण रिपोर्ट से पता चला है कि बस चालक के रक्त के नमूने में 0.30 प्रतिशत अल्कोहल पाया गया.”

उन्होंने कहा, “हादसे के वक्त शराब की मात्रा का प्रतिशत बहुत अधिक रहा होगा, क्योंकि चालक के रक्त का नमूना हादसे के 12 से 13 घंटे बाद लिया गया था.” इससे पहले, अमरावती क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) द्वारा तैयार की गई एक रिपोर्ट में, एक यात्री द्वारा उपलब्ध कराए गये विवरण के आधार पर बताया गया था कि बस दाहिनी ओर एक खंभे से टकराई, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और फिर बस एक डिवाइडर से टकरा गई.

रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रंट एक्सल असेंबली के अलग होने के बाद, बस का अगला हिस्सा सड़क से टकराया और फिर परिणामी घर्षण से गर्मी और आग उत्पन्न हुई क्योंकि बस तेज गति से जा रही थी और इंजन का तापमान भी अधिक था. इसके बाद बस बायीं ओर पलट गई, जिससे यात्रियों का प्रवेश-निकास अवरुद्ध हो गया तथा आपातकालीन द्वार भी नहीं खुल पाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu