विराट कोहली के सह-स्वामित्व वाले पब और रेस्तरां पर मामला दर्ज

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 02 Jun 2025 02:07 PM
विराट कोहली के सह-स्वामित्व वाले पब और रेस्तरां पर मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु: क्रिकेटर विराट कोहली के सह-स्वामित्व वाले पब और रेस्तरां ‘वन8 कम्यून’ के प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) का उल्लंघन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर 29 मई को पुलिस की एक टीम ने कस्तूरबा रोड स्थित ‘वन8 कम्यून’ बार एवं रेस्तरां का निरीक्षण किया, जिसमें पाया गया कि पब के अंदर धूम्रपान के लिए कोई विशिष्ट क्षेत्र नहीं था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक पुलिस अधिकारी की शिकायत के आधार पर, ‘वन8 कम्यून’ के प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ 31 मई को कोटपा की धारा 4 (सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान निषेध) और 21 (कुछ स्थानों पर धूम्रपान करने के लिए दंड) के तहत कानून का उल्लंघन करने के लिए क्यूबॉर्न पार्क थाने में मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई बेंगलुरु पुलिस के एक विशेष अभियान का हिस्सा है जिसका उद्देश्य धूम्रपान से संबंधित उल्लंघनों को रोकना है। पिछले साल जुलाई में, ‘वन8 कम्यून’ के प्रबंधक और चार अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ निर्धारित समय से अधिक समय तक प्रतिष्ठान खोले रखने के आरोप में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital