दिल्ली में कार से चालक को धक्का देने का मामला: आरोपियों ने खुद को यात्री बताया था-पुलिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Oct 2023 09:08 PM
दिल्ली में कार से चालक को धक्का देने का मामला: आरोपियों ने खुद को यात्री बताया था-पुलिस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में कार छीनने का प्रयास करने के मामले में गिरफ्तार किये गये दो व्यक्तियों ने हवाई अड्डे जाने के लिए यात्री बनकर 450 रुपये में वाहन को किराये पर लिया था. दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई है.

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रास्ते में चालक का फोन तथा बटुआ छीन लिया एवं उसे कार से धक्का दे दिया जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि चालक बिजेंदर शाह (43) को उसके ही वाहन के पिछले पहिये के नीचे एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक घसीटा गया.

उसने बताया कि मंगलवार रात लगभग साढ.े 11 बजे दिल्ली पुलिस को उसका शव राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर पड़ा मिला था.
घटना के कुछ घंटे बाद, दिल्ली पुलिस ने बताया था कि उसने मेहराज सलमानी (33) और आसिफ (24) को पकड़ लिया है और चोरी का वाहन बरामद कर लिया गया है.

प्रारंभिक जांच के बाद, पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपियों ने खुद को यात्री बताया था और साकेत से आईजीआई हवाई अड्डे तक जाने के लिए मंगलवार रात लगभग 10 बजे बिजेंदर शाह की टैक्सी 450 रुपये में किराए पर ली थी. एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ”जैसे ही कार दिल्ली छावनी क्षेत्र में पहुंची, दोनों ने बंदूक की नोक पर उसका मोबाइल फोन और बटुआ छीन लिया. आरोपियों ने उसे कार से बाहर धक्का दे दिया.” उन्होंने बताया कि आरोपियों ने बिजेंदर शाह को कार को कुछ दूरी तक घसीटा जिससे उसकी मौत हो गई.

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपी कार को अलीपुर की ओर ले गये जहां से वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ की ओर भाग गये. उन्होंने कहा, ”सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी खुफिया जानकारी के जरिये हमें आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली.” पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों आरोपी मेरठ के एक कार चोर गिरोह से जुड़े थे. सूत्रों ने बताया कि गिरोह के सदस्य चोरी किये गये वाहनों के हिस्सों को तुरंत बेच देते थे.

सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी आरोपियों तक पहुंचने में दिल्ली पुलिस की मदद की. पुलिस ने बताया कि सलमानी के खिलाफ पहले उत्तर प्रदेश में चार और दिल्ली में दो आपराधिक मामले दर्ज थे जबकि आसिफ पर उत्तर प्रदेश में सात और दिल्ली में दो आपराधिक मामले दर्ज थे. दिल्ली पुलिस दोनों आरोपियों को विस्तृत पूछताछ के वास्ते हिरासत में लेने के लिए अदालत में पेश करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu