अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी मामले में प्रकरण दर्ज, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Apr 2024 10:28 PM
अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी मामले में प्रकरण दर्ज, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई पुलिस ने अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर रविवार तड़के मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलीबारी करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस ने अभिनेता के घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक मोटरसाइकिल बरामद की है और ऐसा संदेह है कि हमलावरों ने इसका इस्तेमाल किया था.

बांद्रा पुलिस के अधिकारी के अनुसार, भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम के तहत ”अज्ञात व्यक्ति” के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. अधिकारी ने बताया कि बांद्रा इलाके में स्थित ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ के बाहर सुबह करीब पांच बजे दो व्यक्तियों ने चार गोलियां चलाईं और भाग गए. इसी इमारत में अभिनेता सलमान खान रहते हैं.

उन्होंने बताया कि खान के आवास के बाहर सुरक्षा बढ.ा दी गई है और पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए उनके घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. अधिकारी ने बताया कि सबूत इकट्ठा करने के लिए स्थानीय पुलिस, अपराध शाखा और फॉरेंसिक विज्ञान विशेषज्ञों की एक टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी गई है. घटना के वक्त अभिनेता घर पर थे या नहीं, इसे लेकर पुलिस और खान के परिवार की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है.

इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को सलमान खान से उनके आवास के बाहर गोलीबारी की घटना के मद्देनजर बात की और अभिनेता को समर्थन का आश्वासन दिया. शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं देगी. बी.आर. आंबेडकर की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद उपनगरीय दादर के चैत्यभूमि में पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने कहा कि गोलीबारी की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”मैंने मुंबई पुलिस आयुक्त और अभिनेता सलमान खान से बात की और उन्हें पूरा समर्थन देने की पेशकश की. गोलीबारी की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि यह सरकार कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करेगी.” पिछले वर्ष मार्च में अभिनेता के दफ्तर को एक ई-मेल भेजकर खान को धमकी दी गई थी, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और एक अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी समेत अन्य धाराओं में एक प्राथमिकी दर्ज की थी.

प्राथमिकी प्रशांत गुंजालकर द्वारा बांद्रा पुलिस को दी गई एक शिकायत के आधार पर दर्ज की गई. पुलिस के अनुसार, गुंजालकर अक्सर खान के बांद्रा स्थित आवास पर जाते हैं और एक कलाकार प्रबंधन कंपनी चलाते हैं. पुलिस ने पहले बताया था कि ई-मेल में कहा गया था कि खान ने लॉरेंस बिश्नोई द्वारा एक समाचार चैनल को दिया गया साक्षात्कार देखा होगा और अगर नहीं देखा है तो उन्हें वह देखना चाहिए. ई-मेल में गुंजालकर से कहा गया था कि अगर खान इस मामले को बंद करना चाहते हैं, तो उन्हें गोल्डी भाई से आमने-सामने बात करनी चाहिए. पुलिस के मुताबिक, उसमें कहा गया था, ”अभी भी समय है, लेकिन अगली बार, झटका देखने को मिलेगा.” पुलिस ने बताया था कि जून 2022 में एक अज्ञात व्यक्ति ने एक हस्तलिखित पत्र के जरिए खान को धमकी दी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu