किसानों की आय दोगुनी करने के लिए राज्यों के साथ मिलकर क्रांतिकारी कदम उठाए केंद्र : गहलोत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 09 Dec 2022 08:41 PM
किसानों की आय दोगुनी करने के लिए राज्यों के साथ मिलकर क्रांतिकारी कदम उठाए केंद्र : गहलोत
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी ने किसानों की आय दोगुनी करने की बात तो कर ली, लेकिन यह हो कहां रही है… इसके लिए भारत सरकार को क्रांतिकारी कदम उठाने चाहिए… राज्यों के साथ बात करनी चहिए.’’

जयपुर के शासन सचिवालय में किसानों, पशुपालकों, डेयरी संघ के पदाधिकारियों और जनजातीय क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व बैठक के बाद संवाददाताओं से मुखातिब गहलोत ने कहा, ‘‘जब तक केंद्र और राज्य मिलकर कोई ऐसी योजना नहीं बनाएंगे, कोई ऐसा उपाय नहीं करेंगे, जिससे कि किसानों की आमदनी दोगुनी हो, तब तक ऐसा नहीं होगा.’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि भारत सरकार सभी देशवासियों को स्वास्थ्य का अधिकार दे… दवाइयों पर पैसा खर्च न होङ्घ देशवासियों का इलाज निशुल्क हो… हमने इस तरह की शुरुआत कर दी है.’’ उन्होंने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, जैसे-सामाजिक सुरक्षा योजना, चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना, पुरानी पेंशन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ काम ऐसे हैं, जो राज्य और केंद्र मिलकर कर सकते हैं.

‘भारत जोड़ो यात्रा’ में महिलाओं के साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के जुडने के सवाल पर गहलोत ने कहा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा बहुत कामयाब साबित हो रही है. भाजपा पूरी तरह से विचलित हो गई है, ंिचतित हो गई है. यात्रा को बदनाम करने के लिए बहुत हथकंडे अपनाए गए, लेकिन कारवां चल पड़ा है.’’ उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को विधानसभा चुनावों में जीत दिलवाने में ‘ओल्ड पेंशन स्कीम’ (ओपीएस) यानी पुरानी पेंशन योजना की बहुत बड़ी भूमिका थी.

गहलोत ने कहा, ‘‘हिमाचल चुनाव में कांग्रेस की जीत हुई है… प्रचार अभियान अच्छा रहा… प्रबंधन भी बेहतरीन था… अच्छे उम्मीदवारों को टिकट दिए गए… प्रियंका गांधी खुद प्रचार करने पहुंचीं… पर साथ में वहां चुनाव जिताने में ‘ओपीएस’ की भी बहुत बड़ी भूमिका थी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि भारत सरकार पूरे देश में पेंशन नीति लागू करे, ताकि लोगों को सामाजिक सुरक्षा मिल सके. दुनिया के विभिन्न देशों में जो जरूरतमंद परिवार होते हैं, उन्हें गुजर-बसर के लिए हर हफ्ते पैसे मिलते हैं… हर व्यक्ति के पास जीवन जीने का अधिकार होता है.’’

गहलोत ने कहा, ‘‘मैंने कोरोना काल में कहा था कि कोई आदमी भूखा न सोए… मुझे खुशी है कि प्रदेशवासियों ने, स्वयंसेवी संस्थाओं ने, कार्यकर्ताओं ने, धर्मगुरुओं ने इस संकल्प को पूरा करने में हमारा साथ दिया.’’ उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में उच्चतम न्यायालय ने भी भारत सरकार से कहा है कि देश में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए और इसके लिए सामाजिक सुरक्षा प्रदान किए जाने की आवश्यकता है. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए कर्मचारियों ने आंदोलन किया. राज्य में कांग्रेस को मिले स्पष्ट जनादेश में ‘ओपीएस’ की बहुत बड़ी भूमिका है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu