केंद्र ने छत्तीसगढ़ में केशकाल बाईपास के लिए 307 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Jun 2025 07:50 PM
केंद्र ने छत्तीसगढ़ में केशकाल बाईपास के लिए 307 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी दी
ऑडियो सुनें

रायपुर. केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के लिए 307.96 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन का बाईपास बनाने को मंजूरी दे दी है. राज्य सरकार के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए इस परियोजना की जानकारी दी.

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केशकाल बाईपास के निर्माण को मंजूरी देने के लिए राज्य की जनता, विशेषकर बस्तर क्षेत्र के लोगों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री गडकरी को धन्यवाद दिया है. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बस्तर क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है और यह मंजूरी समन्वित विकास नीति का परिणाम है तथा बस्तर जैसे आदिवासी क्षेत्रों के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक और ठोस कदम है. गडकरी ने ‘एक्स’ पर कहा कि कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (नया एनएच-30) पर केशकाल घाट खंड को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए 307.96 करोड़ रुपये की लागत से 11.380 किलोमीटर लंबे चार लेन बायपास निर्माण को मंजूरी दी गई है.

उन्होंने कहा कि इसके निर्माण से बस्तर क्षेत्र में संपर्क को नया आयाम मिलेगा. गडकरी ने कहा कि बायपास से वैकल्पिक मार्ग मिलेगा तथा वाहन चालकों को तेज, सुगम व निर्बाध यात्रा का अनुभव होगा. उन्होंने कहा कि इससे शहरी क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा, स्थानीय नागरिकों को ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से निजात मिलेगी तथा प्रदूषण में कमी आएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu