स्वतंत्रता सेनानी की भूमिका निभाना चुनौतीपूर्ण : सारा अली खान

मुंबई. अभिनेत्री सारा अली खान ने कहा कि आगामी फिल्म ‘ऐ वतन मेरे वतन’ में एक स्वतंत्रता सेनानी की भूमिका निभाना उनके लिए एक चुनौतीपूर्ण और रोमांचक अनुभव था. करण जौहर के धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी फिल्म ‘ऐ वतन मेरे वतन’ कन्नन अय्यर द्वारा निर्देशित है.

फिल्म 1942 में हुए भारत छोड़ो आंदोलन की पृष्ठभूमि की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और मुंबई में कॉलेज की एक महिला की निडर यात्रा का चित्रण करती है जो स्वतंत्रता सेनानी बन जाती है. मीडिया की खबरों के मुताबिक, यह फिल्म स्वतंत्रता सेनानी ऊषा मेहता पर आधारित है, जिन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान रेडियो के जरिए देश भर में खबरों को फैलाने में अहम भूमिका निभाई थी.
सारा ने कहा कि ‘अमेजन ओरिजिनल फिल्म’ ने उन्हें एक अभिनेत्री के रूप में खुद को साबित करने का मौका दिया.

अभिनेत्री (27) ने कहा, ‘‘इस फिल्म में एक हिस्सा है जहां हम उसे ‘गुमनाम नायक’ कहते हैं. एक गुमनाम सेनानी क्योंकि हम उसे नहीं जानते हैं. उसने इतना त्याग किया और आप नहीं जानते कि वह कौन है, जो मेरे अनुसार त्याग, शक्ति और वीरता की एक विशाल कहानी के रूप में है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह सब वर्तमान में या किसी भी समय के लिए है. यह निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण और रोमांचक भी था.’’ कोलंबिया विश्वविद्यालय से इतिहास और राजनीति विज्ञान में डिग्री लेने वाली सारा ने कहा कि फिल्म ने उन्हें गुमनाम स्वतंत्रता सेनानी के बारे में बताया.

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इतिहास की छात्रा हूं इसलिए मुझे हमारे स्वतंत्रता संग्राम के बारे में अच्छी जानकारी है लेकिन मैं ऊष मेहता के बारे में नहीं जानती थी. और मैं कल्पना कर सकती हूं कि ऐसे बहुत से लोग हैं जो उनके बारे में नहीं जानते हैं.’’ ‘ऐ वतन मेरे वतन’ दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में ‘अमेजन प्राइम वीडियो’ पर रिलीज होगी. अभी रिलीज की तारीख की घोषणा नहीं हुई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button