चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश में राजग के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चुने गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 11 Jun 2024 08:02 PM
चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश में राजग के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चुने गए
ऑडियो सुनें

अमरावती. तेलगु देशम पार्टी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को मंगलवार को आंध्र प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुन लिया गया. विजयवाड़ा में तेलुगु देशम पार्टी, जनसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायकों की बैठक में विधायकों ने सर्वसम्मति से नायडू को राजग नेता चुना. जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने राजग के नेता के रूप में चंद्रबाबू नायडू के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका राज्य भाजपा प्रमुख डी पुरंदेश्वरी ने भी समर्थन किया. नतीजतन नायडू मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में उभरे.

तेदेपा नेता के. अचेन नायडू ने बताया कि इससे पहले सुबह नायडू को सर्वसम्मति से तेदेपा विधायक दल का नेता चुना गया. इसी तरह जनसेना पार्टी के संस्थापक पवन कल्याण को विधानसभा में पार्टी का नेता चुना गया. बैठक को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा, “आप सभी के सहयोग से मैं कल (मुख्यमंत्री के रूप में) शपथ ग्रहण कर रहा हूं और इसके लिए मैं आप सभी का आभार व्यक्त करना चाहता हूं. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आ रहे हैं.” चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की घोषणा करते हुए नायडू ने कहा कि उन्होंने दक्षिणी राज्य के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा है और इसके लिए ‘आश्वासन’ दिया गया है.

उन्होंने संकल्प जताया कि अमरावती आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी होगी और पोलावरम परियोजना को पूरा किया जाएगा.
इसके अलावा उन्होंने कहा कि बंदरगाह शहर विशाखापत्तनम को आर्थिक राजधानी और एक उन्नत विशेष शहर के रूप में विकसित किया जाएगा. तेदेपा प्रमुख ने हाल के चुनावों के बारे में राजग की भारी जीत को अभूतपूर्व बताया. नायडू के अनुसार, उन्होंने पहले भी कई चुनावों की समीक्षा की है, लेकिन 2024 के चुनावों ने उन्हें सबसे अधिक संतुष्टि दी है. तेदेपा, भाजपा और जनसेना वाले राजग ने आंध्र प्रदेश में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में 164 सीट और लोकसभा चुनाव में 21 सीट हासिल की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu