अमरावती. तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू 12 जून को तीसरी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. पार्टी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. नायडू गन्नावरम हवाई अड्डे के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे.
सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”12 जून (बुधवार) को सुबह 11:27 बजे चंद्रबाबू नायडू गन्नावरम हवाईअड्डे के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.”
नायडू पहली बार लगभग 30 साल पहले 1995 में मुख्यमंत्री बने थे और 2004 तक इस पद पर रहे . साल 2004 में वह चुनाव हार ये थे और उनकी जगह वाई एस राजशेखर रेड्डी मुख्यमंत्री बने. एक दशक के बाद और संयुक्त राज्य को तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में विभाजित करने के बाद, नायडू 2014 में नवगठित राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने. हालांकि, वह 2019 में वह चुनाव हार गये और उनके स्थान पर वाईएसआरसीपी प्रमुख वाई एस जगन मोहन रेड्डी मुख्यमंत्री बने. वह पांच साल के अंतराल के बाद फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे.