विपक्षी गठबंधन का चरित्र सत्ता के लिए भ्रष्टाचार, भाजपा गठबंधन सिद्धांतों की राजनीति करती है: शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Aug 2023 07:11 PM
विपक्षी गठबंधन का चरित्र सत्ता के लिए भ्रष्टाचार, भाजपा गठबंधन सिद्धांतों की राजनीति करती है: शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. गृह मंत्री अमित शाह ने भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण को लेकर कांग्रेस सहित विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत सरकार ने देश के करोड़ों गरीबों के जीवन में नई आशा का संचार किया है, जनता को उन पर पूरा भरोसा है तथा विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव केवल और केवल भ्रांति खड़ी करने के लिए लाया गया है. शाह ने विपक्षी गठबंधन के चरित्र पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उनका असली चेहरा तब सामने आया जब उन्होंने अपनी सरकार बचाने के लिए भ्रष्टाचार का सहारा लिया.

लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए गृह मंत्री शाह ने कहा, ” तीन बुराइयों.. भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण ने भारतीय लोकतंत्र को घेर लिया था. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कामकाज एवं प्रदर्शन की राजनीति से इन्हें खत्म किया. लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद यह एक या दूसरे रूप में अभी भी है .” उन्होंने कहा, ” इसलिए प्रधानमंत्री मोदी ने नारा दिया है, भ्रष्टाचार ‘क्विट इंडिया’, परिवारवाद ‘क्विट इंडिया, तुष्टीकरण ‘क्विट इंडिया’.”

विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, ” विपक्षी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का चरित्र है सत्ता के लिए भ्रष्टाचार करना जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का चरित्र है सिद्धांतों के लिए राजनीति करना.” उन्होंने कहा, ” मैं पूरे देश में घूमा हूं, कहीं भी सरकार के खिलाफ अविश्वास की हल्की सी झलक भी नहीं दिखी. मैं इस सदन के माध्यम से पूरे देश की जनता को बताना चाहता हूं कि आजादी के बाद किसी एक नेता में जनता ने सबसे अधिक विश्वास दिखाया है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं.” गृह मंत्री ने कहा कि अल्पमत का तो सवाल ही नहीं है, क्योंकि जो अविश्वास प्रस्ताव के विरोध में बोले हैं और जो समर्थन सदन में दिखाई पड़ा है, वो बताता है कि अल्पमत का सवाल ही नहीं है.

उन्होंने कहा, ” जनता में भी विश्वास है, क्योंकि देश के करोड़ों गरीबों के जीवन में नई आशा का संचार अगर किसी प्रधानमंत्री और सरकार ने किया है तो वह नरेन्द्र मोदी सरकार ने किया है.” उन्होंने कहा कि आजादी के बाद अगर कोई सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री है तो वो नरेन्द्र मोदी हैं और यह बात वे नहीं कहते, दुनिया भर के कई सर्वेक्षण कहते हैं. शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने नौ साल में 50 से ज्यादा फैसले ऐसे लिए हैं, जो युगांतकारी फैसले हैं, जो इतिहास के अंदर स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा.

उन्होंने कहा, ” विपक्षी सांसदों का पूरा भाषण सुनने के बाद मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि ये अविश्वास प्रस्ताव केवल और केवल भ्रांति खड़ी करने के लिए लाया गया है, ये प्रजा की इच्छाओं का प्रतिबिंब नहीं है. ” गृह मंत्री ने कहा कि विपक्षी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का चरित्र है- सरकार के सामने अविश्वास प्रस्ताव न लाए, इसलिए वो (मनमोहन सरकार) विश्वास का प्रस्ताव स्वयं लाए और बचने के लिए सारे सिद्धांत, चरित्र, लोकसभा के नियम, कानून, संसदीय परंपराओं को त्यागकर, ऐन-केन प्रकारेण से सत्ता को संभालने और सत्ता पर काबिज रहना ही इनका चरित्र है.

उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन देश में सिद्धांतों की राजनीति को प्रस्थापित करने के लिए राजनीति में हैं, येन-केन-प्रकारेण से सत्ता को बचाने के लिए राजनीति में नहीं हैं. शाह ने कहा, ” मैं देश की जनता को याद कराना चाहता हूं कि एक ओर करोड़ों रुपए खर्च करके बहुमत खरीदने वाले लोग बैठे हैं और दूसरी ओर सिद्धांत के लिए सत्ता छोड़ने वाले लोग बैठे हैं.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ ‘गरीबी हटाओ’ का नारा देती थी, लेकिन करती कुछ नहीं थी, गरीबी हटाने का काम इस सरकार ने किया.

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि पहले कांग्रेस के ही प्रधानमंत्री कहते थे कि वो एक रुपया भेजते हैं तो गरीबों तक 15 पैसे ही पहुंचते हैं, 85 पैसे गायब हो जाते हैं. उन्होंने कहा, ” हम प्रत्यक्ष नकद अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पूरा पैसा गरीबों के बैंक खाते में हस्तांतरित करते हैं.” शाह ने कहा कि आजादी के बाद एक भी छुट्टी लिए बगैर 24 घंटे में से 17 घंटे काम करने वाला अगर कोई प्रधानमंत्री है तो वो नरेन्द्र मोदी हैं.

उन्होंने सरकार के कार्यो को उल्लेख करते हुए कहा, ” हमारी सरकार ने पिछले 9 साल में देश की अर्थव्यस्था को 11वें नंबर से 5वें नंबर पर पहुंचाने का काम किया है.” गृह मंत्री ने कहा, ” मुझे पूर्ण भरोसा है कि मोदी जी फिर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे और देखते-देखते 2027 तक देश दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा अर्थतंत्र बन जाएगा.” पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत सरकार पर प्रहार करते हुए शाह ने कहा कि पहले सरहद के उस पार से आतंकवादी घुस जाते थे और जवानों के सिर काटकर ले जाते थे, कोई जवाब नहीं देता था. उन्होंने कहा कि दो बार पाकिस्तान ने हिमाकत की, तब एक बार र्सिजकल स्ट्राइक और दूसरी बार एयर स्ट्राइक करके और पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों को खत्म करने का काम नरेन्द्र मोदी सरकार ने किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu