छांगटे और मनीषा एआईएफएफ के साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला खिलाड़ी चुने गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jul 2023 08:35 PM
छांगटे और मनीषा एआईएफएफ के साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला खिलाड़ी चुने गए
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू. भारत और मुंबई सिटी एफसी के विंगर लालियानजुआला छांगटे को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में और भारतीय टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन के लिए मंगलवार को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) का साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष फुटबॉल खिलाड़ी चुना गया. मिजोरम के 26 साल के छांगटे ने 2022-23 अंतरराष्ट्रीय सत्र के दौरान भारत के लिए 12 मैच खेले जिसमें उन्होंने दो गोल करने के अलावा एक गोल करने में मदद की.

छांगटे ने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार की दौड़ में राष्ट्रीय टीम के अपने साथियों नंदकुमार शेखर और नाओरेम महेश सिंह को पछाड़ा.
यहां सैफ चैंपियनशिप में राष्ट्रीय टीम की ओर से खेल रहे छांगटे ने पिछले साल में मुंबई सिटी की ओर से आईएसएल में 22 मैच में 10 गोल दागे और छह गोल करने में मदद की. उन्होंने टीम को आईएसएल विनर्स शील्ड दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने पिछले सत्र में डूरंड कप में सात मैच में सात गोल दागे. उन्होंने सुपर कप के तीन मुकाबलों में भी एक गोल किया.

एआईएफएफ की वार्षिक आम बैठक में मनीषा कल्याण के साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया. पंजाब की इस 21 वर्षीय खिलाड़ी ने इस पुरस्कार की दौड़ में दालिमा छिब्बर और एनगांगबम देवी को पछाड़ा. उन्हें 2020-21 में एआईएफएफ की साल की सर्वश्रेष्ठ उभरती हुई महिला खिलाड़ी का पुरस्कार भी मिला था.

साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष कोच का पुरस्कार पूर्व भारतीय खिलाड़ी क्लिफोर्ड मिरांडा को दिया गया जिनके मार्गदर्शन में ओडिशा एफसी ने सुपर कप में खिताब जीता और एएफसी कप के लिए क्वालीफाई भी किया. प्रिया पराथी वालापिल को साल की सर्वश्रेष्ठ महिला कोच चुना गया. भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रिया भारत की महिला अंडर-17 टीम की मौजूदा कोच हैं.

मुंबई सिटी एफसी के एक अन्य खिलाड़ी आकाश मिश्रा और भारत की अंडर-17 टीम की सदस्य शिल्जी शाजी को क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में साल के सर्वश्रेष्ठ उभरते हुए खिलाड़ी चुना गया. वर्ष 2022-2023 सत्र के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों और कोच का चयन जाने माने पूर्व खिलाड़ियों ने किया जिनमें पूर्व कप्तान शब्बीस अली, आईएम विजयन और बाईचुंग भूटिया भी शामिल थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu