छत्तीसगढ़: 5 बच्चों की मां से वादे, लेकिन शादी की किसी और से; दगाबाज प्रेमी की काली करतूत

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 16 May 2025 12:33 PM
छत्तीसगढ़: 5 बच्चों की मां से वादे, लेकिन शादी की किसी और से; दगाबाज प्रेमी की काली करतूत
ऑडियो सुनें

जशपुर: जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र में एक युवक ने पहले तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर संबंध बनाए, फिर मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी का दर्जा देने का नाटक रचा और आखिर में चुपचाप किसी और से शादी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर फरसाबहार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2000 में उसकी शादी हुई थी और उसके पांच बच्चे हैं। वर्ष 2012 में पारिवारिक विवाद के चलते उसका तलाक हो गया, जिसके बाद वह बच्चों के साथ अलग रह रही थी। 14 सितंबर 2021 को अपने गांव के पास एक अन्य गांव गई थी, तभी गांव का युवक अनूप एक्का मिला और उसे प्रेम प्रस्ताव देते हुए शादी की बात कही। महिला ने अपनी स्थिति साफ बताते हुए मना किया, लेकिन युवक ने भरोसा दिलाया कि वह उसी से शादी करेगा।

रात में युवक उसके घर पहुंचा और जबरन संबंध बनाए। कुछ दिनों बाद आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी का झूठा भरोसा दिया। इसके बाद लगातार 17 अप्रैल 2025 तक आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण किया। जब भी महिला शादी की बात करती, आरोपी टालता रहा।

कुछ समय बाद महिला को जानकारी मिली कि आरोपी ने गुपचुप तरीके से किसी अन्य युवती से शादी कर ली है। जब महिला ने फोन कर पूछा तो आरोपी ने साफ कहा कि अब वह उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहता। महिला ने अपने साथ हुए धोखे की रिपोर्ट फरसाबहार थाने में दर्ज कराई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अनूप एक्का (उम्र 27 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस मामले की विवेचना एवं गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, एएसआई शांति प्रमोद टोप्पो, आरक्षक नीरज तिर्की, ईश्वर साय और महिला आरक्षक बीरजीनिया टोप्पो की सक्रिय भूमिका रही। जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा, “महिलाओं से जुड़े अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस पूरी तरह सजग है। ऐसे मामलों में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital