छत्तीसगढ़ पुलिस ने चलाया ऑपरेशन ‘समाधान’, 14 राज्यों के 2013 व्यक्तियों से पूछताछ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 10:29 PM
छत्तीसगढ़ पुलिस ने चलाया ऑपरेशन ‘समाधान’, 14 राज्यों के 2013 व्यक्तियों से पूछताछ
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बृहस्पतिवार को ऑपरेशन ‘समाधान’ के तहत शहर में रह रहे 14 राज्यों के 2013 व्यक्तियों से पूछताछ की तथा इनमें से 224 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से रायपुर पुलिस को सूचना मिल रही थी कि विभिन्न राज्यों से आए हुए व्यक्ति शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त हैं. उन्होंने बताया कि सूचना के बाद आज रायपुर पुलिस ने ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ ऑपरेशन ‘समाधान’ चलाया. अभियान के दौरान रायपुर शहर के सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, थानों के प्रभारी, अपराध निरोधक शाखा एवं साइबर टीम और थानों के बल सहित लगभग 350 सदस्यों के दलों ने आज तड़के चार बजे छापामार कार्रवाई की.

अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल के 394, उत्तर प्रदेश के 571, बिहार के 320, ओडिशा के 184, महाराष्ट्र के 110, मध्य प्रदेश के 273, राजस्थान के 54, जम्मू-कश्मीर के चार, झारखंड के 71, नगालैंड के एक, गुजरात के 17, नेपाल के सात और दिल्ली के सात निवासियों सहित कुल 2013 व्यक्तियों से पूछताछ की गई.

अधिकारियों ने बताया कि जांच करने पर कुछ व्यक्ति संदिग्ध पाए गए जिनका पता और वास्तविक निवास के पते में भिन्नता पाई गई है, ऐसे संदिग्धों के विरूद्ध संबंधित थानों में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है. उन्होंने बताया कि ऐसे बाहरी व्यक्तियों के बारे में संबंधित राज्यों से जानकारी मांगी जा रही है जिससे उनके बारे में सही जानकारी मिल सके. अधिकारियों ने बताया कि रायपुर पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu