सामने आई प्रतीक यादव की पीएम रिपोर्ट, हृदय और श्वसन तंत्र फेल होने से हुई मौत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 13 May 2026 04:52 PM
सामने आई प्रतीक यादव की पीएम रिपोर्ट, हृदय और श्वसन तंत्र फेल होने से हुई मौत

ऑडियो सुनें

लखनऊ: पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई, प्रतीक यादव (38) का लखनऊ में निधन हो गया है। वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के सबसे छोटे बेटे थे। उन्हें सुबह छह बजे सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। डॉक्टर ने जांच पड़ताल करके उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक की मौत कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स (हृदय और श्वसन तंत्र का अचानक फेल होना) व अत्यधिक पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म (फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में खून के थक्के जमने) के कारण हुई।

मेडिसिन विभाग की डॉ. रुचिता शर्मा का कहना है कि हमें प्रतीक यादव के निधन की खबर मिली है और इस क्षति से हमें गहरा दुख हुआ है। वे हमारे लंबे समय से मरीज थे। मैं काफी समय से उनका इलाज कर रही थी। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन जैसी समस्याएं थीं। कुछ ही दिन पहले, उन्हें ‘पल्मोनरी एम्बोलिज़्म’ होने के बाद यहां भर्ती कराया गया था। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें खून का थक्का नसों से होते हुए फेफड़ों की धमनियों में पहुंचकर वहीं अटक जाता है। फेफड़ों में रुकावट के कारण, उनके दिल के काम करने की क्षमता पर बुरा असर पड़ा था। कुछ दिन पहले ही वे सांस लेने में तकलीफ और सांस से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत लेकर यहां आए थे और उसी समय उन्हें पल्मोनरी एम्बोलिज़्म का पता चला था। पल्मोनरी एम्बोलिज़्म की स्थिति अपने आप में ही बेहद गंभीर और काफ़ी जोखिम भरी होती है। वे पहले से ही खून पतला करने वाली दवाएं ले रहे थे; उन्हें अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में पूरी जानकारी थी और वे अपनी ब्लड प्रेशर की दवाएं नियमित रूप से लेते थे।

By Nandkishoryadav