सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग? बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी; AAP ने BJP पर बोला हमला

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 13 May 2026 04:59 PM
सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग? बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी; AAP ने BJP पर बोला हमला
ऑडियो सुनें

हरियाणा के करनाल के तहत आने वाले गोंदर गांव में सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप कांग के घर फायरिंग होने और उसकी सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों की ओर से जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई है। फिलहाल करनाल पुलिस ऐसी किसी वारदात को नकार रही है।

सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट
फायरिंग की जिम्मेदारी संबंधी पोस्ट सोशल मीडिया पर टायसन व आरजू बिश्नोई के सोशल मीडिया पेज से डाली गई है। हालांकि, अमर उजाला इस सोशल मीडिया पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है। सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट में दावा किया गया है कि दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप कांग के घर ऑस्ट्रिया‑मेड हथियार से गोलियां चलाई गईं, वे टायसन बिश्नोई, उसके भाई आरजू बिश्नोई और हरि बॉक्सर (लॉरेंस बिश्नोई गैंग) की ओर से चलवाई गईं।

दिलजीत दोसांझ की टीम पर लड़कियों का शोषण करने का आरोप
पोस्ट में यह भी कहा गया है कि सिंगर दिलजीत दोसांझ, उनकी मैनेजर सोनाली और गुरप्रताप कांग को पहले ही एक संदेश दिया गया था। दिलजीत दोसांझ की टीम में कर्मचारियों की ओर से लड़कियों के शोषण और तथाकथित फर्जी शो के जरिए सामूहिक रूप से उनका फायदा उठाने की बात कही गई थी जिसको लेकर चेतावनी दी गई थी। पोस्ट में लिखा गया कि ऑस्ट्रेलिया टूर के दौरान पंजाब की एक लड़की को सुनहरे सपने दिखाकर झांसे में लिया गया और कलाकार दिलजीत के नाम पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। यह भी कहा गया कि इस काम में दिलजीत दोसांझ और उनकी टीम को संदेह का लाभ दिया जा रहा है। इसी वजह से कथित तौर पर कई बार संदेश भेजकर दिलजीत और उनकी टीम से इन लोगों को अलग करने की बात कही गई थी। इसके बाद भी कुछ कदम नहीं उठाया तो उन्होंने गोली चलवाई है। वहीं, दूसरी ओर गोंदर गांव के लगने वाली निसिंग थाना पुलिस ने गोली चलने की जानकारी होने से मना कर दिया।

गोंदर गांव में न तो कोई गोली चली है और न ही पुलिस के पास ऐसी कोई सूचना आई है कि गोली चली हो। परिवार से बात की है, उन्होंने भी ऐसी कोई वारदात होने से मना किया है। -कृष्ण कुमार, थाना प्रभारी, निसिंग थाना

अनुराग ढांडा ने भाजपा पर बोला हमला
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने मामले को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ये महज़ इत्तेफाक नहीं, बल्कि बीजेपी की एंटी पंजाब सोच है। कुछ दिन पहले ही दिलजीत दोसांझ को बीजेपी ज्वाइन करने का ऑफ़र मिलता है। दिलजीत दोसांझ साफ मना कर देते हैं। फिर बीजेपी द्वारा गुजरात में संरक्षण प्राप्त गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई दिलजीत के मैनेजर के घर फ़ायरिंग कराता है। बीजेपी पंजाबियों को डराकर उनपर राज करना चाहती है।’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav