
भोपाल/ग्वालियर. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पेशाब घटना के पीड़ित युवक के बृहस्पतिवार को पैर धोए और उससे माफी मांगी. चौहान ने कहा कि वह इस घटना से दुखी हैं. उन्होंने भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर फर्श पर बैठकर आदिवासी युवक दशमत रावत के पैर धोए.
उन्होंने युवक को ‘सुदामा’ बुलाया और कहा, “दशमत, अब तुम मेरे मित्र हो.” एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान चौहान ने उसके साथ विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की, खासकर यह जानने के लिए कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उस तक पहुंच रहा है या नहीं. इससे पहले मुख्यमंत्री और आदिवासी युवक ने मिलकर यहां स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण किया.
सीधी जिले में आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब करने के आरोपी प्रवेश शुक्ला को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया था. एक अधिकारी ने पहले कहा था कि आरोपी शुक्ला के खिलाफ कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई भी शुरू की गई है. घटना का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुआ, जिसके बाद पुलिस ने शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज किया.
पेशाब करने की घटना मानवता पर है कलंक : सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक व्यक्ति द्वारा आदिवासी युवक पर पेशाब करने की घटना मानवता पर कलंक है और इस तरह के कृत्य के लिए जितनी भी निंदा की जाए वह कम है. मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में प्रवेश शुक्ला नामक व्यक्ति प्रदेश के सीधी जिले में आदिवासी युवक दशमत रावत पर पेशाब करते देखा गया. शुक्ला को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाया गया है.
सिंधिया ने ग्वालियर में संवाददाताओं से कहा, “देश के किसी भी कोने में इस प्रकार की घटना पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और दोषी व्यक्ति को दंड मिलना चाहिए, भले ही वह किसी भी दल से जुड़ा हो. यह घटना मानव जाति पर कलंक है.” नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा, ”मैं उस दिन भोपाल में था और मुख्यमंत्री (शिवराज सिंह चौहान) ने तुरंत आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और रासुका लगाया गया है. मैं इस तरह की घटना की जितनी भी निंदा करूं वह कम होगी.” भाषा सं दिमो रंजन



