मुख्यमंत्री योगी अयोध्या पहुंचे, रामलला का दर्शन कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 06 Aug 2024 07:28 PM
मुख्यमंत्री योगी अयोध्या पहुंचे, रामलला का दर्शन कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की
ऑडियो सुनें

अयोध्या. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी तथा रामलला का दर्शन-पूजन किया और निर्माण कार्यो की समीक्षा की. एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या पहुंचने पर महापौर, विधायक समेत जनप्रतिनिधियों तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने उनका स्वागत किया. योगी मंगलवार शाम सबसे पहले रामकथा पार्क पहुंचे और य़हां से सीधे हनुमानगढ़ी गए, जहां संकटमोचन हनुमान का दर्शन-पूजन किया.

हनुमानगढ़ी में पुजारियों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भी भेंट किया. योगी ने यहां दर्शन-पूजन के उपरांत अयोध्यावासियों और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया. इसमें कहा गया कि इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि पहुंचे और श्री रामलला का विधिवत दर्शन-पूजन किया. मुख्यमंत्री ने श्री राम जन्मभूमि में किए जा रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की और निरीक्षण भी किया.

दर्शन-पूजन के दौरान अयोध्या के प्रभारी एवं राज्य के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय आदि मौजूद रहे. इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव के दौरान अयोध्या पहुंचे थे जहां उस दौरान भी उन्होंने श्रीराम और संकटमोचन हनुमान के चरणों में हाजिरी लगाई थी.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu