
जयपुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि चीन भारत की सीमा पर युद्ध की तैयारी कर रहा है और भारत सरकार सोई हुई है और खतरे को नजरअंदाज करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चीन ने 2,000 वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है, 20 भारतीय सैनिकों को मार डाला है और ‘अरुणाचल प्रदेश में हमारे जवानों की पिटाई कर रहा है.’
पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 100 दिन पूरे होने पर यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जो चीन का खतरा (थ्रेट) है.. और मुझे तो वो स्पष्ट है.. और मैं इसको अब दो-तीन साल से कह रहा हूं वो बिल्कुल स्पष्ट है और केंद्र सरकार उसको छिपाने की कोशिश कर रही है. सरकार उसको नजरअंदाज कर रही है मगर उस खतरे को ना छुपाया जा सकेगा और ना ही उसे अनदेखा किया जा सकेगा.’’ राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चीन, भारत की सीमा पर युद्ध की तैयारी कर रहा है.
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी पूरी तैयारी चल रही है..उनका लद्दाख की तरफ और अरूणाचल की तरफ पूरा आफेंसिव प्रिपेरेशन (युद्ध की तैयारी) चल रहा हैङ्घ हिन्दुस्तान की सरकार सोई हुई है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘बात को हिन्दुस्तान की सरकार सुनना नहीं चाहती है..मगर उनकी (चीन) तैयारी चल रही है, तैयारी युद्ध की है.. तैयारी कोई घुसपैठ की नहीं है… तैयारी युद्ध की है.’’
राहुल ने आगे कहा, ‘‘…अगर कोई भी इन बातों को समझता है..अगर आप उनके हथियारों का पैटर्न देख लें. वो क्या कर रहे हैं वहां पर .. वो युद्ध की तैयारी कर रहे हैं और हमारी सरकार उस बात को छुपाती है और उस बात को शायद स्वीकार नहीं कर पा रही है.’’ इस मामले में केंद्र सरकार पर बरसते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह हो क्यों रहा हैङ्घ क्योंकि हिन्दुस्तान की सरकार ‘इवेंट बेस्ड’ काम करती है..
हिन्दुस्तान की सरकार स्ट्रेजेकली (रणनीति) काम नहीं करती. ‘इवेंट बेस्ड’ काम करती है. वे केंद्र सरकार वाले सोचते हैं कि भईया यहां पर एक इवेंट करो.. यहां पर एक और इवेंट करो मगर जब अंतरराष्ट्रीय संबंधों की बात होती है.. जियो स्ट्रेटेजी (भौगोलिक रणनीति) की बात होती है वहां पर इवेंट काम नहीं करता है.. वहां पर शक्ति काम करती है.’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘…तो मैंने तीन-चार बार बोला है.. सावधान रहना चाहिए जो हो रहा है उसको समझना चाहिए.. उनके बयानबाजी आती रहती है.. मैं देखता हूं विदेश मंत्री बोलते रहते है..मगर शायद उनको अपनी समझ गहरी करनी चाहिए.’’
भविष्य में भाजपा को हराकर दिखाएगी कांग्रेस : राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि किसी को कांग्रेस को कमतर नहीं आंकना चाहिए क्योंकि विचारधारा पर आधारित और उसपर चलने वाली यही एकमात्र पार्टी है जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हरा सकती है. साथ ही उन्होंने भाजपा पर ‘फासीवादी पार्टी’ होने का आरोप लगाया.
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 100 दिन पूरे होने पर यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा-आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) का काम बदनाम करना है. यही इनकी सबसे बड़ी रणनीति है, यही इनका सबसे बड़ा कौशल है …मुझे बदनाम किया और हर रोज ये कांग्रेस पार्टी को बदनाम करते हैं.’’
उन्होंने कहा, ‘‘मगर यह कहना कि कांग्रेस पार्टी बिखर गई है, कांग्रेस पार्टी खत्म हो गई है…. यह बिलकुल गलत है. कांग्रेस पार्टी एक विचारधारा है, देश में बहुत जीवंत है, लाखों-करोड़ों लोगों के दिल में है और यही पार्टी है जो भाजपा के खिलाफ लड़ रही है. जो पीछे नहीं हटती है और विचारधारा के साथ लड़ रही है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘… और यही पार्टी आने वाले समय में भाजपा को हराकर दिखाएगी.’’ कई नेताओं के पार्टी छोड़कर जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है जो भाजपा से नहीं लड़ सकते और दबाव के आगे झुक जाते हैं.
गांधी ने कहा कि किसी को भी कांग्रेस को कम नहीं आंकना चाहिए. पार्टी के लाखों-करोड़ों कार्यकर्ता इसकी ताकत हैं और “अगर हम अपने कार्यकर्ताओं का अच्छी तरह से उपयोग करते हैं, तो हम राजस्थान में भी अगले चुनावों में कांग्रेस की भारी जीत सुनिश्चित करने में सक्षम होंगे.” गौरतलब है कि अगले साल राजस्थान सहित देश के कई अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं.



