भाजपा शासित राज्यों में ईसाइयों को निशाना बनाया जा रहा है: वेणुगोपाल

नयी दिल्ली. कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पैसे देकर धर्मांतरण कराने के आरोप में केरल के एक पादरी की महाराष्ट्र में गिरफ्तारी की निंदा करते हुए बुधवार को कहा कि भाजपा शासित राज्यों में ईसाइयों को अपने धर्म का पालन करने के लिए चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है.

उन्होंने फादर सुधीर विलियम की रिहाई के साथ प्राथमिकी रद्द करने की मांग भी की. महाराष्ट्र के अमरावती जिले में पुलिस ने बुधवार को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में केरल के पादरी फादर सुधीर विलियम और चार महिलाओं सहित सात अन्य को गिरफ्तार कर लिया. इन पर ईसाई धर्म में परिवर्तन के लिए लोगों को पैसे की पेशकश करने का आरोप लगाया गया है.

वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”केवल अपने धर्म का पालन करने के लिए ईसाइयों को भाजपा शासित राज्यों में चुनिंदा ढंग से निशाना बनाया जा रहा है. महाराष्ट्र के नागपुर में एक ईसाई पुजारी की गिरफ्तारी अत्यंत निंदनीय है और यह स्पष्ट संकेत है कि जहां भी भाजपा सत्ता में है, वह धर्मांतरण के फर्जी ढोंग के तहत ईसाइयों को परेशान करने के लिए राज्य मशीनरी का उपयोग करती है.” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का धार्मिक कट्टरता और ध्रुवीकरण का नफरत भरा एजेंडा दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है और इसके परिणामस्वरूप देश के भाजपा शासित हिस्सों में रहने वाले सभी अल्पसंख्यकों के लिए जीवन जीना मुश्किल हो गया है.

कांग्रेस नेता ने कहा, ”हम मांग करते हैं कि पादरी के खिलाफ प्राथमिकी तुरंत वापस ली जाए और बजरंग दल के गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जिनकी गुंडागर्दी के कारण यह घिनौना मामला सामने आया.” वेणुगोपाल ने कहा, ”सजा उन्हें मिलनी चाहिए जो लोग कानून अपने हाथ में लेते हैं और हमारे संविधान में उल्लिखित धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को नष्ट करते हैं, ना कि निर्दोष नागरिकों को.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button