CISCE की 12वीं परीक्षा के नतीजे घोषित, 18 छात्रों ने शीर्ष स्थान हासिल किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Jul 2022 10:11 PM
CISCE की 12वीं परीक्षा के नतीजे घोषित, 18 छात्रों ने शीर्ष स्थान हासिल किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल र्सिटफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) की 12वीं कक्षा की परीक्षा के नतीजे रविवार को घोषित कर दिये गए. नतीजों के अनुसार अठारह छात्रों ने 99.75 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है. दूसरी रैंक 58 छात्रों ने साझा की है, जिन्होंने 99.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, जबकि 78 छात्रों ने 99.25 प्रतिशत अंक प्राप्त करके तीसरी रैंक साझा की है. सीआईएससीई ने दो साल बाद मेधा सूची की घोषणा की है क्योंकि कोविड-19 महामारी के कारण परीक्षा आयोजित नहीं हो पाने के मद्देनजर नतीजे वैकल्पिक मूल्यांकन योजना के आधार पर घोषित किए गए थे. लड़कियों (99.52) का उत्तीर्ण प्रतिशत लड़कों (99.26) की तुलना में थोड़ा अधिक है जबकि कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99.38 है.

बोर्ड के इतिहास में पहली बार सीआईएससीई ने एक परीक्षा वर्ष में दो बार परीक्षाएं आयोजित कीं. कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं दोनों के लिए सेमेस्टर एक परीक्षा नवंबर-दिसंबर, 2021 में जबकि दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा अप्रैल-मई, 2022 में आयोजित की गई थीं. बोर्ड के सचिव गैरी अराथून ने परिणाम गणना के फार्मूले के बारे में कहा कि ज्यामितीय, मैकेनिकल ड्राइंग और कला जैसे विषयों को छोड़कर प्रत्येक विषय के पहले सेमेस्टर के अंकों को आधा कर दिया गया है. उन्होंने कहा, ‘‘इन अंकों को दूसरे सेमेस्टर और प्रैक्टिकल/ प्रोजेक्ट अंकों में जोड़ा गया है, ताकि प्रत्येक विषय में अंतिम अंक प्राप्त किए जा सकें.’’ कुल 1,228 स्कूलों से छात्र सीआईएससीई की कक्षा 12वीं की परीक्षा में बैठे और 52.76 प्रतिशत लड़कों और 47.24 प्रतिशत लड़कियों सहित कुल 96,940 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे.

छात्रों में 12 दृष्टिहीन छात्र शामिल हैं, जिनमें से छह ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं. इसी तरह, अंक गणना में कठिनाई का सामना करने वाले 180 छात्रों में से 18 ने परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं. इंडियन स्कूल र्सिटफिकेट (आईएससी) परीक्षा 49 विषयों में आयोजित की गई, जिनमें से 12 भारतीय भाषाएं, पांच विदेशी भाषाएं और दो शास्त्रीय भाषाएं थीं. उत्तरी क्षेत्र में सबसे अच्छा उत्तीर्ण प्रतिशत (99.43 प्रतिशत) रहा, इसके बाद पूर्वी क्षेत्र में 99.18 प्रतिशत छात्र सफल हुए.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu