पीएम के दौरे से पहले कच्छ में तनाव, धर्मस्थलों व दुकानों में तोड़फोड़, फोर्स तैनात

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 27 Aug 2022 01:47 PM
पीएम के दौरे से पहले कच्छ में तनाव, धर्मस्थलों व दुकानों में तोड़फोड़, फोर्स तैनात
ऑडियो सुनें

Gujarat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले गुजरात के कच्छ जिले के भुज में सांप्रदायिक तनाव की घटना सामने आई है। शुक्रवार शाम भुज के माधापुर गांव में दो समुदायों के लोगों की बीच बवाल हो गया। इस दौरान एक संप्रदाय के लोगों ने दूसरे संप्रदाय के धर्मस्थल व दुकानों में जमकर तोड़फोड़ की। तनाव बढ़ता देख वहां सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

माधोपुर गांव, जहां सांप्रदायिक तनाव फैला वह ‘स्मृति वन’ से मात्र चार किलोमीटर दूर है। स्मृति वन भुज व गुजरात के भूकंप में मारे गए लोगों की याद में बनाया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को इसका लोकार्पण करेंगे।

भुज पुलिस के अनुसार एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय के एक धर्मस्थल व दुकानों को निशाना बनाया। सूत्रों के अनुसार भुज के बाहरी हिस्से में स्थित माधापुर गांव में रैबारी समुदाय के एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान परेश रैबारी के रूप में हुई।
रैबारी युवक की हत्या से समुदाय के लोग भड़क गए।

सुलेमान सना नामक युवक ने शुक्रवार सुबह चाकू से गोद दिया था। परेश की अंत्येष्टि के बाद लौट रहे लोगों ने अचानक उपद्रव शुरू कर दिया। इसी दौरान तोड़फोड़ की गई। हालांकि, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित की। कच्छ पश्चिम के एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news