अंकिता भंडारी हत्याकांड की उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में CBI जांच हो: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 Dec 2025 09:12 PM
अंकिता भंडारी हत्याकांड की उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में CBI जांच हो: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी तथा प्रदेश सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया और कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच उच्चतम न्यायालय के किसी वर्तमान अथवा सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा कराई जानी चाहिए. उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा के एक पूर्व विधायक की पत्नी होने का दावा करने वाली महिला द्वारा जारी वीडियो का हवाला दिया और कहा कि अब इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ गई है.

गोदियाल ने संवाददाताओं से यह भी कहा कि यदि अगले 10-12 दिनों में सीबीआई जांच का फैसला नहीं हुआ तो कांग्रेस गढ़वाल मंडल में विशाल विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उत्तराखंड सरकार ने अपनी पूरी ताकत इस मामले को दबाने, अपराधियों को बचाने और यह सुनिश्चित करने में लगाई कि अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल सके.

कांग्रेस नेता ने कहा, ”हमारी मांग है कि इस मामले की सीबीआई जांच हो और इस जांच की निगरानी उच्चतम न्यायालय के किसी वर्तमान अथवा सेवानिवृत्त न्यायाधीश द्वारा कराई जाए.” पौड़ी जिले के एक रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली अंकिता की 18 सितंबर, 2022 को कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी. इस मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया था. अदालत ने इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक एवं एक भाजपा नेता के बेटे पुलकित आर्य और दो अन्य लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu