कफ सिरप मामले की उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में जांच हो, नड्डा इस्तीफा दें: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Dec 2025 08:09 PM
कफ सिरप मामले की उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में जांच हो, नड्डा इस्तीफा दें: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने कोडीन युक्त कफ सिरप मामले को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला और कहा कि उच्चतम न्यायालय के एक न्यायाधीश की निगरानी में जांच हो तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा अपने पद से इस्तीफा दें.
पार्टी प्रवक्ता और सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि उनके बुलडोजर का डीजल खत्म हो गया या इसका ड्राइवर ‘कोडीन’ पीकर सो रहा है.

उन्होंने सवाल किया कि मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल और पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर कार्रवाई कब होगी? सुप्रिया ने संवाददाताओं से कहा, ”कोडीन मामले में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ठोककर ठोस कार्रवाई की जा रही है और अभी तक कोई मौत नहीं हुई है. मतलब जब किसी की मौत होगी, तभी संगीन मामला बनेगा और बुलडोजर निकलेगा. लोगों की किडनी खराब हो या लोग नशे के शिकार हों- इनसे सरकार को मतलब नहीं है. ” उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में सिर्फ लीपापोती की गई.

सुप्रिया का कहना था, ”ऐसे में सवाल उठता है कि मामले का मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल कहां है? धनंजय सिंह कहां है? इनके ऊपर कार्रवाई कब होगी?” कांग्रेस नेता नेता ने दावा किया, ”सालों से योगी जी की नाक के नीचे एक गोरखधंधा चल रहा था, जो जौनपुर, गाजीपुर, कानपुर, गाजियाबाद से होते हुए अंतरराष्ट्रीय हो गया और यूपी सरकार को भनक तक नहीं लगी.” उन्होंने सवाल किया, ” 500 करोड़ कमाने वाले शुभम जायसवाल का नाम सामने आया तो वह देश छोड़ कर कैसे भाग गया? वह भाग गया या भगाया गया?”

सुप्रिया ने कहा, ”इस मामले में छोटे-छोटे लोगों की गिरफ्तारी करके किसको बचाया जा रहा है, आखिर वो बड़ी मछलियां कौन हैं और धनंजय सिंह पर कार्रवाई कब होगी?” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ”योगी जी, आपका बुलडोजर कहां है, उसका डीजल ख.त्म हो गया या फिर बुलडोजर का ड्राइवर भी ‘कोडीन’ पीकर सो गया है?” सुप्रिया ने सवाल किया, ”केंद्र सरकार इस पर चुप क्यों है? स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा इस मामले में चुप क्यों हैं? भाजपा नेताओं ने क्यों नहीं पूछा कि यूपी में धनंजय सिंह को क्यों बचाया जा रहा?”

उन्होंने दावा किया, ”सच्चाई यही है कि उत्तर प्रदेश में बुलडोजर- जाति, धर्म और उपनाम देखकर चलता है. इनका बुलडोजर सिर्फ विशेष समुदाय और गरीबों के खिलाफ चलता है.” कांग्रेस नेता साधना भारती ने कहा, ”जिस सिरप को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी पाबंदी कर दिया है, उसे सरकारी निविदा मिल जाती है. वहीं, मध्य प्रदेश में छतरपुर के जिला अस्तपाल में 8 महीने में 409 बच्चों की मौत हो गई.” उन्होंने कहा, ”हमारी मांग है कि उच्चतम न्यायालय के एक न्यायाधीश की देखरेख में कफ सिरप मामले के लिए एक जांच समिति बैठाई जाए और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री इस्तीफा दें.” कोडीन युक्त कफ सिरप गिरोह के सरगना शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और पुलिस ने लुकआउट नोटिस भी जारी किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu