
नयी दिल्ली. भाजपा ने मोदी सरकार पर ”अघोषित आपातकाल” का आरोप लगाने को लेकर कांग्रेस की सोमवार को आलोचना की और कहा कि यह ”बड़ी विडंबना” है कि ”व्यक्तिगत और राजनीतिक लाभ” के लिए 1975 में आपातकाल लगाने वाली पार्टी अब लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बात कर रही है.
भाजपा का यह बयान, केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के मौके पर कांग्रेस के कटाक्ष करने के बाद आया है जिसमें कहा गया था कि ”अघोषित आपातकाल” के 11 साल हो गए हैं और ह्लअच्छे दिनह्व की बात अब एक ह्लडरावना सपनाह्व साबित हुई है.” इस पर पलटवार करते हुए, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”यह बड़ी विडंबना है कि एक परिवार के प्रभुत्व वाली पार्टी अब लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बात कर रही है.”
उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस है जिसने सत्ता में रहते हुए देश भर में लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकारों को गिराने के लिए अनुच्छेद 356 का ”सौ से अधिक बार” दुरुपयोग किया और 1975 में ”व्यक्तिगत और राजनीतिक लाभ के लिए आपातकाल” लगाया, जिससे मौलिक अधिकार निलंबित हो गए और नागरिकों की आजादी छिन गई थी.
जोशी ने आरोप लगाया, ”कर्नाटक में उसकी अपनी (कांग्रेस) सरकार ने एक ऐसा आदेश जारी किया है, जो आपातकाल के समय के हथकंडों की याद दिलाता है. और अब, वे (कांग्रेस) पार्टी के प्रति आलोचनात्मक विचार व्यक्त करने वाले पत्रकारों और समाचार प्रस्तोता को निशाना बना रहे हैं और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रहे हैं.” उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इन मुद्दों पर कुछ बोलेंगे.
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने अपने कामकाज के बारे में कथित रूप से दुष्प्रचार करने के लिए प्रदेश भाजपा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने का फैसला किया है. रविवार को जारी एक आधिकारिक अधिसूचना में, कर्नाटक सरकार ने भाजपा पर ”राज्य सरकार की दो साल की विफलता के बारे में आरोप पत्र” शीर्षक के तहत मीडिया में अपने (भाजपा के) अभियान के माध्यम से गलत सूचना और झूठ फैलाने का आरोप लगाया. भाजपा ने कांग्रेस पर कर्नाटक में लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि राज्य सरकार ”किसी तानाशाह से भी बदतर” हो गई है.
जोशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि कांग्रेस सरकार समाचार चैनल के एंकर को ”डराने” की कोशिश कर रही है. उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी से पूछा कि कर्नाटक की अर्थव्यवस्था और राजनीति में अपनी ”विफलताओं, भ्रष्टाचार और नुकसान” के बारे में बात करने से उसे डर क्यों लगता है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”एक सवाल मुझे परेशान कर रहा है – क्या कर्नाटक में हिटलर के समय जैसी तानाशाही आ गई है?” केंद्र में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज 26 मई 2025 है. आज अघोषित आपातकाल को 11 साल हो गए.” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “26 मई 2014, ग्यारह वर्षों में बड़े-बड़े ह्लवादोंह्व को खोखले ह्लदावोंह्व में बदलकर मोदी सरकार ने देश की ऐसी दुर्दशा की कि ह्लअच्छे दिनह्व की बात अब एक ह्लडरावना सपनाह्व साबित हुई है.”
उन्होंने दावा किया कि सालाना दो करोड़ नौकरियों का वादा था, लेकिन असलियत में करोड़ों की नौकरियां खत्म हो गई और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करके उन पर रबर की गोलियां चलाई गईं. खरगे ने तंज कसते हुए कहा, “140 करोड़ जनता का हर तबका परेशान, 11 वर्षों में ऐसा रहा कमल का निशान.” वर्ष 2014 में आज ही के दिन नरेन्द्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. पिछले साल 9 जून को उन्होंने तीसरी बार इस पद की शपथ ली.



