भोपाल/खरगोन. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कांग्रेस पर देश को गुलामी की ओर धकेलने का कुत्सित प्रयास करने का और इतिहास से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया. चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में शाजापुर जिले के शुजालपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने देश को आतंकवाद, उग्रवाद, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार दिये.
उन्होंने कहा, “कांग्रेस देश को गुलामी की ओर धकेलने का कुत्सित प्रयास कर रही है, जबकि भाजपा देश के स्वाभिमान और आत्मविश्वास को कायम रखने के लिए जानी जाती है. कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में शामिल होकर देश की छवि को नुकसान पहुंचाया है.” भाजपा उम्मीदवार और मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार 17 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए शुजालपुर सीट से मैदान में हैं.
आदित्यनाथ ने कहा कि जब आने वाली पीढि.यां कांग्रेस के इतिहास के बारे में पढ़ेंगी; तो वे उस पार्टी को वोट देना तो दूर, वे उसे छूने को भी तैयार नहीं होंगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर कदम पर देश के इतिहास का अपमान किया है, जब कांग्रेस सत्ता में थी तो सिखाया जाता था कि मुगल सम्राट अकबर महान थे, जिसका मतलब है कि महाराणा प्रताप महान नहीं थे.
उन्होंने कहा, ”वे अकबर को महान मानते थे लेकिन भाजपा कहती है कि महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महान हैं.” भाजपा नेता ने कांग्रेस पर श्री राम और श्री कृष्ण के अस्तित्व को नकारने और उन्हें मिथक बताने का भी आरोप लगाया. आदित्यनाथ ने कहा, “उनके (कांग्रेस) लिए, भारत का इतिहास केवल जवाहरलाल नेहरू से शुरू होता है.” उन्होंने काशी विश्वनाथ गलियारे के विकास और भगवान शिव से जुड़े स्थानों केदारनाथ, महाकालेश्वर और सोमनाथ में इसी तरह के कार्यों का उल्लेख किया एवं कहा कि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अयोध्या में राम मंदिर का भी निर्माण किया जा रहा है. राम मंदिर का अभिषेक समारोह अगले साल 22 जनवरी को होगा.
आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ” आपने और आपके पूर्वजों ने राम जन्मभूमि के लिए लड़ाई लड़ी. हमारी पीढ़ी यह देखकर भाग्यशाली है कि हमारे पूर्वजों की इच्छाएं पूरी हो रही हैं.” आदित्यनाथ ने कहा,” कांग्रेस चाहती थी कि राम जन्मभूमि (वह भूमि जिस पर विध्वंस से पहले बाबरी ढांचा खड़ा था) पर यथास्थिति बरकरार रखी जाए, लेकिन भगवान राम के भक्तों ने कहा कि यह गुलामी का प्रतीक है.”
उन्होंने आरोप लगाया, ”कांग्रेस खुद को ‘एक्सीडेंटल’ कहती है जिसका मतलब है कि कांग्रेसी एक दुर्घटना के रूप में पैदा हुए हैं.” मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पीढ़ी भाग्यशाली है क्योंकि वह भारत को एक नए युग में बदलते हुए देख रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नए जमाने का यह भारत सक्षम, सशक्त और आत्मविश्वासी बन रहा है. आदित्यनाथ ने मध्य प्रदेश के अपने समकक्ष शिवराज सिंह चौहान की प्रशंसा की और कहा कि भाजपा की “डबल इंजन सरकारों” ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को बीमारू (पिछड़े) श्रेणी से बाहर निकाला है, जबकि राजस्थान और बिहार अभी भी इस मोर्चे पर संघर्ष कर रहे हैं. आदित्यनाथ का बाद में दिन में मध्य प्रदेश में तीन और जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है.
कांग्रेस शासित राज्यों में भ्रष्टाचार और अत्याचार का बोलबाला : नड्डा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में भ्रष्टाचार, लूट और अत्याचार का बोलबाला है. चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में खरगोन जिले के बड़वाह कस्बे में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं, किसानों और गरीबों के विकास के लिए काम करती है तथा समाज में शांति सुनिश्चित करती है.
नड्डा ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में भ्रष्टाचार, लूट, विश्वासघात और अत्याचार व्याप्त हैं.
उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार ही थी जिसने मध्य प्रदेश को बीमारू श्रेणी से बाहर निकाला. उन्होंने लोगों से भाजपा को मध्य प्रदेश में एक और कार्यकाल देने की अपील की. नड्डा ने कहा, “पनडुब्बी घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, कोयला घोटाला, राष्ट्रमंडल घोटाला और एमजीएनआरईजी घोटाला तब हुआ जब कांग्रेस (संप्रग सरकार) केंद्र में सत्ता में थी . पानी के अंदर (पनडुब्बी), आसमान में (अगस्ता वेस्टलैंड), धरती के नीचे (कोयला) और जमीन पर भ्रष्टाचार था.”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कमलनाथ (जो मध्य प्रदेश में 15 महीने, दिसंबर 2018 से मार्च 2020 तक सत्ता में थे) के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में भ्रष्टाचार व्याप्त था. उन्होंने कहा, “छात्रवृत्ति और अन्य क्षेत्रों में घोटालों ने भी राज्य को झकझोर कर रख दिया था.” नड्डा ने कहा कि 2003 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से मध्य प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में “जबर्दस्त प्रगति” की है.
उन्होंने दावा किया कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय दस गुना, वार्षिक बजट 13 गुना और स्वास्थ्य बजट 26 गुना बढ़ गया है. उनका यह भी दावा था कि मध्य प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से आदिवासियों के लिए (फंड) आवंटन 57 गुना बढ़ गया है. नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था अब दुनिया में पांचवें स्थान पर है और यह जल्द ही 2024 में तीसरा स्थान हासिल कर लेगी.