“भेष बदलने में माहिर” कांग्रेस नेता भगवान राम का नाम लेने लगे हैं, इनसे बचकर रहे जनता : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 14 Nov 2023 06:53 PM
“भेष बदलने में माहिर” कांग्रेस नेता भगवान राम का नाम लेने लगे हैं, इनसे बचकर रहे जनता : नड्डा
ऑडियो सुनें

रतलाम/भोपाल. कांग्रेस नेताओं को भेष बदलने में माहिर करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि ये नेता आजकल भगवान राम का नाम लेने लगे हैं और जनता को कथित रूप से दोहरे चरित्र वाले इन सियासतदानों से बचकर रहने की जरूरत है.

नड्डा ने ऐसे वक्त यह बात कही, जब मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के प्रचार अभियान के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि पर बन रहे मंदिर का श्रेय अपनी पार्टी को देते देखा जा रहा है . भाजपा प्रमुख ने रतलाम जिले के आलोट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की चुनावी सभा में कहा कि कांग्रेस नेता भेष बदलने में माहिर हैं और जनता को दोहरे चरित्र वाले इन नेताओं से बचकर रहने की आवश्यकता है.

उन्होंने कहा, ”आजकल ये लोग (कांग्रेस नेता) भगवान राम का भी नाम लेने लगे हैंङ्घ..ये वे ही लोग हैं जो कभी कहते थे कि राम एक काल्पनिक चरित्र हैं और उनके अस्तित्व का कोई वैज्ञानिक और ऐतिहासिक आधार नहीं है.” भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं को ”नये-नये रामभक्त” बताते हुए दावा किया कि इन नेताओं को यह भी पता नहीं है कि भगवान राम कितने वर्ष के लिए वनवास गए थे.
नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने देश को शासन का ”लापता मॉडल” दिया है जिसमें बिजली, सड़क और विकास के साथ ही लोगों को आवास और पेयजल प्रदान करने की योजनाएं लापता रहती हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ की अगुवाई वाली पिछली कांग्रेस सरकार ने शिवराज सिंह चौहान नीत भाजपा सरकार की कई जनहितैषी योजनाएं बंद कर दी थीं और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना समेत केंद्र के अलग-अलग कार्यक्रमों का कार्यान्वयन रोक दिया था.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ नरेन्द्र मोदी सरकार की आवास योजना पर कालसर्प की तरह बैठ गए थे और उन्होंने दो लाख मकानों का आवंटन केंद्र को लौटा दिया था. उन्होंने कहा कि फिलहाल मोदी सरकार इस योजना के तहत राज्य में 47 लाख मकान बनाने को तैयार है.

नड्डा ने कांग्रेस पर तुकबंदी में निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का मतलब है-”भ्रष्टाचार, अनाचार और व्यभिचार”, जबकि भाजपा का मतलब है-”विकास और लोगों की हितकारी सरकार.” उन्होंने कहा कि भाजपा के पिछले 18 साल के राज में मध्यप्रदेश ”बीमारू” से ”बेमिसाल” राज्य बन गया है.

देश के लिए बोझ बन गई है कांग्रेस : आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस देश के लिए बोझ और समस्या बन गयी है. वह राज्य में 17 नवंबर को होने वाले चुनाव से पहले मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे . आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस की ताकत घटकर केवल तीन रह गई है, जबकि पिछली बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने केवल एक सीट जीती थी.

उन्होंने कहा, लोगों ने कांग्रेस और अन्य पार्टियों को अनुभव किया होगा और समझा होगा. आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद, काशी विश्वनाथ मंदिर में लगभग 50,000 लोगों को समायोजित करने वाला एक विशाल गलियारा बनाया गया, केदारनाथ का पुर्निवकास किया गया और उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में एक गलियारा विकसित किया गया. उन्होंने कहा, 22 जनवरी, 2024 को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा, क्या यह कांग्रेस शासन में संभव था .

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस देश, प्रदेश, जनता, गरीबों, किसानों, युवाओं और माताओं-बहनों के लिए बोझ और समस्या बन गई है.” उन्होंने दावा किया कि 2014 से पहले दुनिया भारत को महत्व नहीं देती थी लेकिन उसके बाद नजरिया बदल गया.
आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया भारत की ओर सकारात्मक दृष्टि से देख रही है….जब भी दुनिया पर कोई संकट आता है तो वह भारत की ओर आशा की दृष्टि से देखती है. उन्होंने कहा कि देश दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले दुश्मन देशों ने भारत में घुसपैठ की और हर दिन लद्दाख, कश्मीर, कारगिल और अरुणाचल प्रदेश में घुसपैठ की खबरें आती थीं लेकिन अब अगर आतंकवादी कोई दुस्साहस करते हैं तो भारत न केवल ऐसे तत्वों को बल्कि उनके सरपरस्तों को भी उनकी सीमा में घुसकर सबक सिखाता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu