बलात्कार के आरोप में कांग्रेस सांसद राकेश राठौर गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 09:09 PM
बलात्कार के आरोप में कांग्रेस सांसद राकेश राठौर गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

सीतापुर. सीतापुर से कांग्रेस के सांसद राकेश राठौर को बलात्कार के आरोप में बृहस्पतिवार को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि राठौर इलाहाबाद उच्च न्यायालय से अपनी अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन कर रहे थे. इसी दौरान कोतवाली नगर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, सांसद राठौर को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
कांग्रेस सांसद राकेश राठौर के खिलाफ इसी महीने 15 जनवरी को एक महिला से शादी का झांसा देकर बलात्कार करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि राठौर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार बलात्कार किया है.

सूत्रों के मुताबिक, महिला ने शिकायत में कहा है कि राठौर पिछले चार साल से उससे शादी करने और उसे राजनीतिक करियर बनाने का झांसा देकर उससे बलात्कार कर रहे थे. इस मामले में स्थानीय अदालत से जमानत याचिका खारिज होने के बाद सांसद राठौर ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय का रुख किया था मगर वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिली. उसके बाद इस मामले में उनकी गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu